अमरावती। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स-मंगलगिरि), आंध्र प्रदेश ने सीनियर रेजिडेंट और सीनियर डेमोंस्ट्रेटर के विभिन्न विभागों में कुल 21 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 मई निर्धारित की गई है।
एम्स-मंगलगिरि द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, ये पद विभिन्न विभागों में उपलब्ध हैं, जिनमें एनेस्थिसियोलॉजी, एनाटॉमी, बायोकेमिस्ट्री, कम्युनिटी और फैमिली मेडिसिन, डर्मेटोलॉजी, फोरेंसिक मेडिसिन एंड टॉक्सिकोलॉजी, जनरल सर्जरी, माइक्रोबायोलॉजी, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी, फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन, फिजियोलॉजी, रेडियोडायग्नोसिस, और सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी शामिल हैं। कुछ विभागों में एक-एक पद, पैथोलॉजी में दो पद, तथा ट्रॉमा एंड इमरजेंसी और जनरल मेडिसिन में तीन-तीन पद भरने हैं।
आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से 21 अप्रैल से शुरू हुई थी, और अब उम्मीदवार अंतिम तिथि से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए आवश्यक है कि उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से एमडी, डीएनबी, एमसीएच, एमएससी, एमबायोटेक या पीएचडी की योग्यता हो और संबंधित विषय में आवश्यक अनुभव भी रखते हों।
उम्मीदवारों की आयु सीमा अधिकतम 45 वर्ष रखी गई है, जो 30 मई को लागू होगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। योग्य उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा। चयनित कैंडिडेट्स को चिकित्सा क्षेत्र के अनुसार 67,700 रुपए तथा गैर-चिकित्सा उम्मीदवारों को 56,100 रुपए प्रति माह वेतन मिलेगा, साथ ही अन्य भत्ते भी प्रदान किए जाएंगे।
इंटरव्यू का आयोजन एम्स मंगलागिरी के प्रशासनिक भवन में किया जाएगा। इसकी तिथि और समय की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जल्द ही जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को इंटरव्यू के समय अपने सभी मूल दस्तावेज और आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी साथ ले जाना अनिवार्य होगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार एम्स-मंगलगिरि की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और संबंधित पद के नोटिफिकेशन में दिए गए लिंक से आवेदन फॉर्म डाउनलोड करें। फार्म भरने के बाद आवश्यक शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 1,500 रुपये तथा एससी/एसटी के लिए 1,000 रुपये निर्धारित है।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। उम्मीदवार वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करें, लॉगिन करें, फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां सही-सही भरें और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें। भुगतान के बाद फॉर्म सबमिट करें और अपनी सुविधा के लिए प्रिंट आउट निकाल कर रख लें। इस भर्ती में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिनके लिए वे सभी आवश्यक दस्तावेज, योग्यता और अनुभव को पूरे ध्यान से सुनिश्चित करें।

