गुरु नानक देव जयंती पर प्रकाश पर्व में शामिल हुए CM विष्णुदेव साय, गुरुद्वारे में टेका मत्था और लंगर में ग्रहण किया प्रसाद

Chhattisgarh Rashtrabaan

    भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर भिलाई के सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाया और छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से लंगर में शामिल होकर प्रसाद भी ग्रहण किया।

    इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेका और लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।

    मुख्यमंत्री ने दी प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं

    प्रकाश पर्व समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर यहां एकत्रित होना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाने का अवसर मिलना भी विशेष सौभाग्य है।

    उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती को हम सभी प्रकाश पर्व के रूप में मनाते हैं। मुख्यमंत्री ने सिख समाज के संतजनों, समाज के सभी बंधुओं, माताओं-बहनों और युवाओं को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सिख समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन सभी को निरंतर मिलता रहे।

    ये रहे मौजूद

    कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सिख समाज के संतजन, पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

    error: Content is protected !!