सिवनी, राष्ट्रबाण। सिवनी नगर के रिहायसी क्षेत्र में लंबे समय से सफ़ेद पाउडर की सप्लाई की खबरे सामने आ रही थी। सफ़ेद पाउडर के सौदागर अपने पेडलरो से इसकी सप्लाई करा कर शहर के युवाओ में नशे का जहर दौड़ा रहे है। इस नशे की गिरफ्त में फसे युवक किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते है। सूत्रों की माने तो इस नशे की लत लगाने के लिए पहले सप्लायर बड़े घरो के लड़को को निशाना बनाते है उसके बाद उन्हें पहले कम मात्रा एवं सस्ते दामों पर पाउडर उपलब्ध कराते है उसके बाद युवाओं को इसका आदि बना कर उन्हें यह महंगे दामों में बेचते है। नशे के आदि युवक इसके लिए घरो में चोरी, कर्जा लेने या किसी भी आपराधिक कार्य को अंजाम देने को तैयार रहते है।
वीआईपी क्षेत्र में युवाओं में यह नशा तेजी से फ़ैल रहा है। सिवनी नगर में इसकी खपत बड़े पैमाने पर बताई जा रही है। MD पाउडर के अवैध कारोबार के खिलाफ अब सिवनी पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश पर इन सप्लायरों और पेडलरो को पकड़ने पुलिस ने चुस्ती दिखाई है। कोतवाली पुलिस ने 21 जून 2025 को एक तस्कर को 3.99 ग्राम MD पाउडर के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त MD पाउडर की अनुमानित कीमत ₹40,000 बताई जा रही है। पुलिस अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि पॉलिटेक्निक ग्राउंड हॉस्टल के पीछे खंडहर के पास एक व्यक्ति अपनी स्कूटी पर अवैध MD पाउडर बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही, ए.एस.पी. सिवनी जी.डी. शर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक पूजा पांडे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी किशोर वामनकर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर छापा मारा और लोनिया रोड भैरोगंज निवासी विशाल उर्फ काला विश्वकर्मा पुत्र रामकुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। विशाल के पास से एक प्लास्टिक की पन्नी में सफेद रंग का MD पाउडर (3.99 ग्राम) और 750 रुपये नगद बरामद हुए। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर थाना कोतवाली में धारा 8/22 एन.डी.पी.एस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विशाल के खिलाफ थाना कोतवाली में पहले से ही एन.डी.पी.एस., जुआ और सट्टे के मामले दर्ज हैं।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम
MD पाउडर तस्कर पकड़ने में थाना प्रभारी किशोर वामनकर, उनि डी.आर. शरणागत, उनि राहुल काकोडिया, उनि देवेंद्र उइके, सउनि रामअवतार डहेरिया, प्रआर योगेश राजपूत, मनोज पाल, आरक्षक अमित रघुवंशी, विक्रम देशमुख, शिवम बघेल, प्रतीक बघेल, अजेंद्र पाल, प्रदीप चौधरी, अजय धुर्वे, सुधीर डहेरिया, सिद्धार्थ दुबे, और म.आर. दीपाली बघेल।
जाल में मछली मगरमच्छ बाहर
सिवनी पुलिस ने महज तीन ग्राम MD पाउडर पकड़ कर अपनी पीठ थपथपाने में लगी है लेकिन जिस विशाल उर्फ़ काला विश्वकर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है वह महज एक कठपुतली है। सूत्रों की माने तो इसका सरगना आज भी बेदाग और बेखौफ बाहर अपने कारोबार को अंजाम दे रहा है। सूत्र बताते है की एक गिरोह के द्वारा नागपुर से सिवनी सप्लाई की जाती है। काले कलर की स्विफ्ट वाहन से सिवनी में सप्लाई किया जाता है। यह वाहन में बड़ी मात्रा में MD पाउडर सिवनी के तस्करो को सप्लाई किया जाता है। तो वही मुरैना से भी इसकी आवक होती है जो बड़े पैकेटो में पैक कर सिवनी अन्य संसाधनों से पहुंचाए जाते है। पुलिस दो तीन ग्राम के पेडलरो को पकड़ कर अपनी पीठ थपथपाने में लगी रहती है लेकिन इनके सरगना तक पहुंचने में पुलिस हमेशा विफल रहती है।