काठमांडू, राष्ट्रबाण। नेपाल के सोलुखुंबु जिले में लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टरों के आपस में टकराने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसे में फिस्टेल एयर के पायलट को भी मामूली चोटें आई हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों हेलीकॉप्टरों को आपस में टकराते हुए देखा जा सकता है।
नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर खुम्बु पासांगल्हामु क्षेत्र स्थित फेरीचे हेलिपैड पर उतर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के पंख आपस में टकरा गए, जिससे यह दुर्घटना हुई। प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने बताया कि लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टरों के पंख टकराने की सूचना मिली है। अधिकारियों की ओर से हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
47 वर्षीय भारतीय नागरिक की मौत
सोलुखुंबु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी के मुताबिक, हेलीकॉप्टरों के पंख आपस में टकराने के कारण यह दुर्घटना हुई। जिला प्रशासन ने हादसे में जान गंवाने वाले 47 वर्षीय व्यक्ति की पहचान भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू के रूप में की है। वहीं, घायल व्यक्ति की पहचान 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल के रूप में हुई है, जो भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक हैं। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए माउंटेन हेलीकॉप्टर के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, फिस्टेल एयर के पायलट को भी मामूली चोटें आई हैं।
शव को हेलीकॉप्टर से लाया गया लुक्ला
सोलुखुंबु के पुलिस निरीक्षक मौसम तामांग ने बताया कि हादसे में मृतक विदेशी नागरिक थे। उनके शव को प्रभु हेलीकॉप्टर के माध्यम से लुक्ला लाया गया है। फिलहाल संबंधित अधिकारी दुर्घटना के कारणों और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रहे हैं।


