शरद पवार की बिगड़ी तबीयत, सीने में दर्द के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • रूबी हॉल क्लिनिक में मेडिकल जांच जारी, डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल स्वास्थ्य संबंधी सभी मानक स्थिर
  • सूखाग्रस्त क्षेत्रों के दौरे के बाद बिगड़ी तबीयत, पुणे के अस्पताल में कराया गया भर्ती

    नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के प्रमुख और पूर्व कृषि मंत्री शरद पवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शरद पवार को सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें पुणे के रुबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। शरद पवार बीते तीन दिनों से सूखाग्रस्त इलाकों के दौरे पर थे और अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। डॉक्टरों की निगरानी में शरद पवार का इलाज चल रहा है।
    सांसद सुप्रिया सुले ने शरद पवार के भर्ती होने की जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, “बाबा को खांसी की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। उनके मेडिकल टेस्ट हो रहे हैं, और उनके सभी हेल्थ पैरामीटर स्थिर हैं। आप सभी की चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।”
    रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पुरवेज ग्रांट ने भी शरद पवार की तबीयत को लेकर बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि प्ल्यूरिटिक पेन की शिकायत के बाद शरद पवार को सामान्य स्वास्थ्य जांच और चिकित्सीय निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें कुछ समय तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा। प्ल्यूरिटिक पेन सीने में एक तेज और चुभने वाला दर्द होता है। यह मुख्य रूप से गहरी सांस लेने, छींकने पर बढ़ता है। इसकी वजह से अचानक सीने में तेज दर्द हो सकता है। यह दर्द कंधे और पीठ तक भी पहुंच सकता है।

    error: Content is protected !!