बस्तर में अब दहशत का अंत! पहली बार कई गांव मनाएंगे दिवाली, डिप्टी CM विजय शर्मा ने कही बड़ी बात

Chhattisgarh Rashtrabaan

रायपुर। नक्सलवाद से मुक्त होने के बाद बस्तर के कई गांवों में इस बार पहली बार दिवाली का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि नक्सलमुक्त होने के बाद बस्तर में कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। ग्रामीणों में उत्साह है और अब भयमुक्त माहौल में त्योहार मनाने की तैयारी है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि अब बस्तर में ऐसी स्थिति नहीं है कि शिक्षा दूतों की हत्या कर दी जाए या जन अदालत लगाकर किसी की जान ले ली जाए। उन्होंने नक्सलमुक्त बस्तर के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं भी दीं।

दीपक बैज के बयान पर विजय शर्मा का पलटवार

नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त नहीं होने संबंधी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर विजय शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दीपक बैज को पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देखना चाहिए और यह बताना चाहिए कि उनकी सरकारों ने नक्सलवाद के खिलाफ क्या कदम उठाए। उन्होंने झीरम कांड का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि पहले उन्हें इन मुद्दों पर आत्ममंथन करना चाहिए।

SIR के विरोध पर कांग्रेस को घेरा

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस के विरोध पर डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन बार देश के प्रधानमंत्री बन चुके हैं और SIR की प्रक्रिया वर्ष 2025 में शुरू हुई थी। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में वोट चोरी जैसा कोई मामला नहीं है। मतदाता सूची से मृतकों और दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हो चुके लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर लोगों के बीच भ्रम फैला रही है। साथ ही मतदाता सूची में घुसपैठियों के नाम होने की आशंका भी जताई।

विजय शर्मा ने कहा कि भाजपा आंकड़ों के साथ अपनी बात रख रही है, ताकि जनता के मन में कोई भ्रम न रहे। उन्होंने कहा कि SIR एक संवैधानिक प्रक्रिया है और यदि मतदाता सूची में कोई गड़बड़ी है तो उसे ठीक करने के लिए ही यह अभियान चलाया जा रहा है। नाम जुड़वाने की प्रक्रिया भी कभी की जा सकती है।

नितिन नवीन के दौरे पर कांग्रेस को दी नसीहत

भाजपा नेता नितिन नवीन के दौरे को लेकर कांग्रेस की टिप्पणी पर भी विजय शर्मा ने जवाब दिया। उन्होंने प्रियंका गांधी के दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि उनके स्वागत में गुलाब की पंखुड़ियां बिछाई गई थीं, जिस पर भी कांग्रेस की ओर से कई तरह की बातें कही गईं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को गंभीरता से राजनीति करनी चाहिए और अपनी पार्टी के हित में काम करना चाहिए।

error: Content is protected !!