नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। देशभर में रविवार को दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर बाजारों से लेकर घरों तक तैयारियां जोरों पर हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दीपावली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि वे हर साल की परंपरा के अनुसार इस बार भी देश के वीर जवानों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीपावली मनाएंगे। अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दीपावली का पावन पर्व पूरे देश को रोशनी से जगमगा देता है। प्रकाश का यह त्योहार अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का परिचय देता है। उन्होंने देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पर्व और आने वाला समय सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
जवानों के बीच मनाएंगे दीपावली
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि वे भी देशवासियों की तरह बड़े उत्साह के साथ दीपावली मनाते हैं। उन्होंने बताया कि हर साल त्योहार के अवसर पर देश के वीर जवानों के बीच जाना उनकी नियमित परंपरा रही है और इस बार भी यह सिलसिला जारी रहेगा। प्रधानमंत्री का जवानों के साथ दीपावली मनाने का यह कार्यक्रम सैनिकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर भी होता है। देश की सुरक्षा में तैनात जवान त्योहारों पर भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री का उनके बीच पहुंचना उनके उत्साह और मनोबल को बढ़ाने वाला माना जाता है।
उपराष्ट्रपति से की मुलाकात
दीपावली की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से भी मुलाकात की और उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने देशवासियों के लिए भी मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश के अंत में एक बार फिर सभी को दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि प्रकाश का यह पर्व हर किसी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और खुशियां लेकर आए।



