नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। देशभर में रविवार को दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस खास अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि रोशनी का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “देशभर के अपने परिवारजनों को दीपावली की असीम शुभकामनाएं।” इससे पहले दीपावली की पूर्व संध्या पर वीडियो संदेश जारी कर भी उन्होंने देशवासियों को बधाई दी थी। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि दीपावली प्रकाश और सकारात्मकता का पर्व है। यह त्योहार पूरे देश को रोशनी से जगमगा देता है और अंधकार पर विजय प्राप्त करने के हमारे संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दीपावली का पावन अवसर सभी के जीवन में खुशियां, शांति और समृद्धि लेकर आए।
वीर जवानों के साथ दीपावली मनाने की परंपरा रहेगी जारी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में यह भी बताया कि वे दीपावली का त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाते हैं। साथ ही, पिछले कई वर्षों से देश के वीर सैनिकों के बीच दीपावली मनाने की अपनी परंपरा को इस बार भी जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि हर साल उनका प्रयास रहता है कि वे देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के साथ इस पावन पर्व की खुशियां साझा करें। हालांकि, प्रधानमंत्री ने अभी यह जानकारी नहीं दी है कि इस बार वे किस स्थान पर भारतीय सैनिकों के साथ दीपावली मनाएंगे। गौरतलब है कि पिछले वर्ष उन्होंने गोवा के तट पर स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर नौसेना के जवानों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया था। इस दौरान उन्होंने सैनिकों के साथ समय बिताया और उनका उत्साह बढ़ाया था।



