कुलगाम आतंकी हमले में बुलेटप्रूफ जैकेट भेद गईं आतंकियों की गोलियां, CRPF जवान गंभीर रूप से घायल

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • आतंकियों ने हमले में आर्मर-पियर्सिंग गोलियों का किया इस्तेमाल, सुरक्षा एजेंसियां हथियारों की जांच में जुटीं
  • लश्कर कमांडर लतीफ बट पर हमले का शक, दक्षिण कश्मीर में आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन तेज

श्रीनगर, राष्ट्रबाण। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, आतंकियों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए विशेष धातु की परत वाली आर्मर-पियर्सिंग (एपी) गोलियों का इस्तेमाल किया था। इन गोलियों में बुलेटप्रूफ सुरक्षा कवच को भेदने की क्षमता होती है। हमले में गंभीर रूप से घायल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान के बुलेट रेसिस्टेंट आर्मर को भी कुछ गोलियां भेदकर निकल गईं। घायल जवान को श्रीनगर स्थित भारतीय सेना के 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

सामान्य गोलियों से अधिक घातक होती हैं एपी गोलियां

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, आतंकियों द्वारा इस्तेमाल की गई आर्मर-पियर्सिंग गोलियां सामान्य गोलियों की तुलना में अधिक घातक होती हैं। इन्हें विशेष रूप से मजबूत सुरक्षात्मक कवच को भेदने के लिए तैयार किया जाता है। यही वजह है कि जवान का बुलेट रेसिस्टेंट आर्मर भी गोलियों को रोकने में पूरी तरह सफल नहीं हो सका। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमले में इस्तेमाल किए गए हथियारों और गोलियों की जांच कर रही हैं, ताकि इनके स्रोत और इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके।

लश्कर कमांडर लतीफ बट पर हमले का शक

हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा के कैटेगरी-ए कमांडर लतीफ बट का हाथ होने का संदेह जताया जा रहा है। लतीफ बट सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में शामिल है। इससे पहले 22 जुलाई को अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी की हत्या और 31 जुलाई को कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या के मामलों में भी उसका नाम सामने आया था। एजेंसियां अब उसके नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही हैं।

घुसपैठ और नए आतंकी मॉड्यूल की भी जांच

सुरक्षा एजेंसियां कुपवाड़ा और गुरेज सेक्टर से नियंत्रण रेखा (एलओसी) के रास्ते संभावित घुसपैठ की आशंका की भी जांच कर रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि कुछ गैर-स्थानीय आतंकी दक्षिण कश्मीर के जंगलों तक पहुंच चुके हो सकते हैं। इसके अलावा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर नए स्लीपर टेरर मॉड्यूल के सक्रिय होने की संभावना भी खंगाली जा रही है। फिलहाल दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां लतीफ बट के नेटवर्क, संभावित घुसपैठ और आतंकियों को स्थानीय स्तर पर मिल रही मदद समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं।

error: Content is protected !!