बेंगलुरु, राष्ट्रबाण। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार को प्रस्तावित कर्नाटक दौरे को लेकर बेंगलुरु और मैसूरु में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की टीम भी सक्रिय हो गई है। एसपीजी की टीम करीब 10 दिन पहले ही बेंगलुरु पहुंच गई थी और पूरे सुरक्षा इंतजामों पर नजर रख रही है। पीएम के आवागमन वाले मार्गों, कार्यक्रम स्थलों और आसपास के संवेदनशील इलाकों की गहन जांच की जा रही है।
1,000 से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में तीन संयुक्त पुलिस आयुक्त, 15 पुलिस उपायुक्त, 20 सहायक पुलिस आयुक्त, 30 पुलिस निरीक्षक और 100 से अधिक उपनिरीक्षकों के साथ एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।
ऊंची इमारतों और अपार्टमेंट पर विशेष निगरानी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने वाले मार्गों पर स्थित ऊंची इमारतों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। आसपास के अपार्टमेंट की भी जांच की गई है। पुलिस ने अपार्टमेंट प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि किसी भी नए या संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि की जानकारी तत्काल अधिकारियों को दें। इसके अलावा मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर उनकी कार्यक्षमता सुनिश्चित की जा रही है।
तीन स्थानों पर एक किलोमीटर के दायरे में नो-फ्लाई जोन
सुरक्षा के मद्देनजर बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त ने शुक्रवार सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक तीन निर्धारित स्थानों के एक किलोमीटर के दायरे में अस्थायी नो-फ्लाई जोन घोषित किया है। इस दौरान ड्रोन और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा एजेंसियां प्रधानमंत्री के पूरे कार्यक्रम और उनके आवागमन के दौरान विशेष सतर्कता बरतेंगी।
तावरेकेरे मेट्रो स्टेशन का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कर्नाटक दौरे की शुरुआत आरए मंदुरकर अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा प्रशिक्षण केंद्र परिसर में बने हेलीपैड से करेंगे। इसके बाद वे तावरेकेरे मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। फिर भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), बेंगलुरु के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मैसूरु में विकसित भारत वन और तारामंडल का उद्घाटन
बेंगलुरु के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मैसूरु पहुंचेंगे। यहां चामुंडी पहाड़ी की तलहटी में विकसित ‘विकसित भारत वन’ का उद्घाटन करेंगे। इसे ‘नम्मा मैसूरु, नम्मा कोडुगे’ पहल के तहत तैयार किया गया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री भारत के पहले झुके हुए गुंबद वाले एलईडी तारामंडल का भी उद्घाटन करेंगे।
118 करोड़ की लागत से तैयार हुआ तारामंडल
भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान और मैसूरु विश्वविद्यालय ने इस तारामंडल को 118 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया है। इसमें करीब 150 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यह परियोजना विज्ञान और खगोल विज्ञान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। सभी कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी मैसूरु हवाई अड्डे से भारतीय वायुसेना के विमान के जरिए दिल्ली रवाना हो जाएंगे।



