पंजाब चुनाव 2027: AAP की दूसरी सूची जारी, 31 और उम्मीदवारों को टिकट; अब तक 71 नामों का ऐलान

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • पहली सूची में 40 नामों के बाद अब 31 और प्रत्याशियों की घोषणा, कई नए चेहरों को मिला मौका
  • जालंधर, अमृतसर, पठानकोट समेत कई अहम सीटों पर उम्मीदवार तय, चुनावी मुकाबले की तैयारी तेज

चंडीगढ़, राष्ट्रबाण। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी ने गुरुवार को उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। इस सूची में 31 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। इससे पहले पार्टी 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। इस तरह आम आदमी पार्टी अब तक कुल 71 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है।

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता की ओर से जारी दूसरी सूची में कई प्रमुख नेताओं और नए चेहरों को मौका दिया गया है। सुजानपुर से स्वर्ण एस. सलारिया, पठानकोट से रोहित स्याल, गुरदासपुर से रमन बहल, दीना नगर से शमशेर सिंह और कादियां से गुरइकबाल सिंह महल को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, फतेहगढ़ चुरियां से हरजोबनजीत सिंह रंधावा, राजा सांसी से सोनिया मान, मजीठा से तलबीर सिंह गिल, अमृतसर उत्तर से करमजीत सिंह रिंटू और पट्टी से जसकंवर सिंह गिल को टिकट दिया गया है।

जालंधर की तीन अहम विधानसभा सीटों पर भी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। जालंधर सेंट्रल से नितिन कोहली, जालंधर उत्तर से वनीत धीर और जालंधर कैंट से दीपक बाली चुनाव मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा फगवाड़ा से डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, फिल्लौर से हरजोत कौर लोहटिया, शाहकोट से बलवीर सिंह पाला जलालपुर, आदमपुर से पवन कुमार टीनू, मुकेरियां से सरबजोत सिंह साबी और नवांशहर से रॉबी कांग को प्रत्याशी बनाया गया है।

पार्टी ने चमकौर साहिब से जसवीर सिंह गढ़ी, खरड़ से परमिंदर सिंह गोल्डी, दाखा से डॉ. केएनएस कांग, जगराओं से सरवजीत कौर मानुके, अबोहर से डॉ. सुहानी डोडा, लंबी से रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां, बठिंडा ग्रामीण से गोपाल सिंह और बरनाला से गुरमीत सिंह मीत हेयर को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, शुतराना विधानसभा सीट से वनिंदर कौर लुंबा को पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है। दूसरी सूची जारी होने के साथ ही पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। आम आदमी पार्टी अब तक 71 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। ऐसे में आने वाले दिनों में पार्टी की शेष सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा और चुनावी रणनीति पर सभी की नजरें रहेंगी।

error: Content is protected !!