नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में हिस्सा लिया। कार्यक्रम की मेजबानी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पत्रकारों से मुलाकात की और दीपावली के साथ छठ महापर्व की भी शुभकामनाएं दीं। समारोह में पीएम मोदी ने पत्रकारों की व्यस्त दिनचर्या का जिक्र करते हुए अपने पुराने अनुभवों और पत्रकारों के साथ बिताए पलों को साझा किया।
पत्रकारों की भागदौड़ पर बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि त्योहारों का समय ऐसा होता है, जब हर व्यक्ति अपने घर और परिवार के साथ समय बिताना चाहता है। हालांकि, पत्रकारों का काम ऐसा है कि उन्हें ब्रेकिंग न्यूज के लिए लगातार भागदौड़ करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि इतनी व्यस्तता के बावजूद सभी पत्रकार इस ‘नॉन ब्रेकिंग न्यूज’ वाले कार्यक्रम में पहुंचे, इसके लिए वह सभी के आभारी हैं। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के काम और उनकी जिम्मेदारियों का भी उल्लेख किया।
फैक्स मशीन के दौर को किया याद
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने 90 के दशक की शुरुआत के दिनों को याद करते हुए बताया कि उस समय उन्हें देशभर में दो बड़ी यात्राओं की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उस दौर में प्रेस रिलीज भेजना भी आसान नहीं था और इसके लिए फैक्स मशीन ढूंढनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि आज कार्यक्रम में नई पीढ़ी के कई पत्रकार मौजूद हैं, लेकिन पुराने पत्रकार इस बात से परिचित हैं कि उनका मीडिया जगत के साथ लंबे समय से सहज और करीबी संबंध रहा है।
11 अशोका रोड में पत्रकारों से मुलाकात का किस्सा
पीएम मोदी ने गुजरात जाने और मुख्यमंत्री बनने से पहले का एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उस समय वह दिल्ली के 11 अशोका रोड स्थित एक कमरे में रहते थे। एक दिन अचानक पत्रकारों की पूरी टोली उनके कमरे में पहुंच गई। उस समय पत्रकारों की एक महिला ब्रिगेड भी हुआ करती थी। महिला पत्रकारों ने उनसे मिठाई खिलाने की मांग की।
पत्रकारों ने पहले ही भांप लिया था CM बनने का संकेत
प्रधानमंत्री ने बताया कि जब उन्होंने पत्रकारों से मिठाई मांगने की वजह पूछी तो उन्होंने कहा कि आप गुजरात जा रहे हैं और मुख्यमंत्री बनने वाले हैं। मोदी के मुताबिक, उस समय यह बात बहुत कम लोगों को पता थी, लेकिन पत्रकारों को इसकी जानकारी पहले ही मिल गई थी। उन्होंने बताया कि पत्रकारों की कही गई यह बात आखिरकार सही साबित हुई और वह गुजरात के मुख्यमंत्री बने। दीपावली मिलन समारोह में पीएम मोदी ने इस पुराने घटनाक्रम को याद करते हुए पत्रकारों के साथ अपने लंबे जुड़ाव का जिक्र किया।



