CM विष्णुदेव साय आज मुंगेली को देंगे 465 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 24 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण

Chhattisgarh Rashtrabaan

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 13 नवंबर 2026 को मुंगेली जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे ग्राम कंतेली पहुंचकर जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री कुल 465 करोड़ 40 लाख 82 हजार रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, सिंचाई, अधोसंरचना और जनसुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।

24 विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण

मुख्यमंत्री साय अपने प्रवास के दौरान 68 करोड़ 14 लाख 52 हजार रुपये की लागत से पूरे हो चुके 24 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही 397 करोड़ 26 लाख 30 हजार रुपये की लागत वाले विभिन्न नए विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास भी करेंगे।

इन परियोजनाओं में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आदिवासी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और नगर पालिका परिषद लोरमी से संबंधित कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। साथ ही सिंचाई व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।

कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन और राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा शामिल होंगे।

इसके अलावा बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

error: Content is protected !!