मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के गृहग्राम डिंडौरी पहुंचे। आजादी के बाद यह पहला मौका है, जब किसी मुख्यमंत्री ने इस गांव का दौरा किया है। मुख्यमंत्री के आगमन पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। इस दौरान सीएम साय ने क्षेत्रवासियों को उच्च शिक्षा की सौगात देने के साथ मुंगेली जिले में 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
जिस स्कूल में पढ़ने पैदल जाते थे तोखन साहू, उसी क्षेत्र को मिली कॉलेज की सौगात
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू अपने बचपन के दिनों और संघर्षों को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि वह अपने गृहग्राम डिंडौरी से प्रतिदिन पैदल चलकर पढ़ाई के लिए कंतेली जाते थे। इसी क्षेत्र में मिली शिक्षा ने उनके जीवन को नई दिशा दी।
अब उसी कंतेली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने नवीन महाविद्यालय का शुभारंभ किया। तोखन साहू ने इसे अपने लिए गौरव और भावनात्मक पल बताया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, खासकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
5 करोड़ रुपये से मॉडल स्कूल बनेगा तोखन साहू का पुराना विद्यालय
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपने पुराने स्कूल को लेकर भी बड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिस विद्यालय में उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की थी, उसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसकी टेंडर प्रक्रिया जारी है।
योजना के तहत स्कूल में डिजिटल कक्षाएं, आधुनिक प्रयोगशालाएं और खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में बाउंड्रीवॉल का निर्माण पहले ही कराया जा चुका है।
पहली बार मुख्यमंत्री के आगमन पर डिंडौरी में उत्सव जैसा माहौल
कंतेली में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के गृहग्राम डिंडौरी पहुंचे। आजादी के बाद पहली बार किसी मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पारंपरिक सुआ नृत्य और रामधुन की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
तोखन साहू के परिजनों ने मुख्यमंत्री की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान सीएम साय ने केंद्रीय राज्य मंत्री के पिता बलदाऊ साहू को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने बड़ी अम्मा रामबाई से भी आत्मीय मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से क्षेत्र में विकास और शिक्षा से जुड़ी नई उम्मीदें जगी हैं।



