ग्वालियर, राष्ट्रबाण। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक फैक्ट्री परिसर में खड़े ऑक्सीजन टैंकर में जोरदार धमाका होने से इलाके में हड़कंप मच गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास की औद्योगिक इकाइयों और घरों को भी नुकसान पहुंचा। कई इमारतों की दीवारें और खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पिंटो पार्क औद्योगिक क्षेत्र में हुआ धमाका
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम ग्वालियर के पिंटो पार्क औद्योगिक क्षेत्र स्थित ‘शिव कंप्रेस्ड एयर प्रोडक्ट्स’ फैक्ट्री परिसर में धमाके की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री परिसर में खड़े ऑक्सीजन टैंकर में विस्फोट हुआ था। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
धमाके से टैंकर पूरी तरह तबाह
ग्वालियर की प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रुतिकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि धमाका काफी जोरदार था, जिसके कारण टैंकर पूरी तरह तबाह हो गया। विस्फोट का असर आसपास की इमारतों पर भी पड़ा। कई औद्योगिक इकाइयों की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि आसपास स्थित घरों की खिड़कियों और दीवारों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
विस्फोट के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल धमाके के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह जांच की जा रही है कि टैंकर में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे क्या वजह रही। पुलिस घटनास्थल से जरूरी जानकारियां जुटा रही है, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।
शहर में मौजूद थे मुख्यमंत्री मोहन यादव
घटना के समय मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी ग्वालियर में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मौजूद थे। औद्योगिक क्षेत्र में हुए इस धमाके की खबर से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल बढ़ गई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



