बिलासपुर। शहर में पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड परिसर में इस आधुनिक पार्किंग सुविधा का लोकार्पण किया। बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने करीब 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से इसका निर्माण कराया है। यहां एक साथ 80 कारें पार्क की जा सकेंगी।
इस सुविधा के शुरू होने से पुराना बस स्टैंड और आसपास के व्यावसायिक इलाकों में पार्किंग की समस्या कम होने की उम्मीद है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों से होने वाले यातायात दबाव में भी कमी आएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार शहरों को आधुनिक और बेहतर नागरिक सुविधाओं से लैस बनाने की दिशा में काम कर रही है। बढ़ते शहरीकरण के बीच यातायात और पार्किंग की समस्याओं का समाधान आधुनिक तकनीक से किया जा रहा है। यह परियोजना सीमित जगह में अधिक वाहनों को पार्क करने की सुविधा उपलब्ध कराएगी।
पांच मंजिला भवन में 80 कारों की पार्किंग
यह पार्किंग भवन भूतल सहित पांच मंजिला है। प्रथम से चौथे तल तक प्रत्येक मंजिल पर 20 कारें खड़ी करने की व्यवस्था है। वाहनों के प्रवेश, निकास और पार्किंग की पूरी प्रक्रिया स्वचालित तकनीक से संचालित होगी।
कैसे काम करेगी शटल तकनीक?
इस पार्किंग की खासियत यह है कि वाहन चालक को अपनी कार केवल भूतल पर बने निर्धारित प्रवेश बे में खड़ी करनी होगी। इसके बाद स्वचालित एलिवेटर कार को संबंधित मंजिल तक पहुंचाएगा। वहां शटल रोबोटिक सिस्टम कार को खाली पार्किंग स्लॉट में सुरक्षित खड़ा कर देगा।
जब वाहन चालक को कार वापस लेनी होगी, तो अनुरोध करने पर स्वचालित सिस्टम उसे पार्किंग स्लॉट से निकालकर भूतल के निकास बे तक पहुंचा देगा। यानी चालक को खुद पार्किंग की जगह तलाशने या ऊपरी मंजिलों तक जाने की जरूरत नहीं होगी।
सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम
परियोजना में दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश और दो निकास बे बनाए गए हैं। इसके अलावा अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, बिजली बैकअप और स्वचालित निगरानी की व्यवस्था भी की गई है। पार्किंग सिस्टम की निर्धारित वाहन संचालन क्षमता करीब 60 वाहन प्रति घंटा है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला और धरमलाल कौशिक, महापौर पूजा विधानी तथा क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



