अब जशपुर की बेटियां बनेंगी नर्सिंग प्रोफेशनल, CM साय ने प्रदेश के पहले कौशल कॉलेज की दी सौगात

Chhattisgarh Rashtrabaan

जशपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए जशपुर जिले के ग्राम पंचायत आरा में प्रदेश के पहले नर्सिंग कौशल कॉलेज की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस संस्थान का शुभारंभ किया। यहां छात्राओं को दो वर्षीय एएनएम (ऑक्जिलरी नर्स मिडवाइफ) पाठ्यक्रम की पढ़ाई कराई जाएगी। कॉलेज की सभी 120 सीटों पर प्रवेश पूरा हो चुका है। खास बात यह है कि इनमें करीब 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से हैं।

आधुनिक सुविधाओं के साथ मिलेगा प्रशिक्षण

कॉलेज में छात्राओं को नर्सिंग की सैद्धांतिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके लिए आधुनिक लैब, छात्रावास और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की गई हैं। छात्राओं को अस्पतालों में भी प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद वे स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में रोजगार हासिल करने के लिए तैयार हो सकेंगी। संस्थान का उद्देश्य शिक्षा के साथ छात्राओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।

नर्सिंग मानवता की सेवा का माध्यम : मुख्यमंत्री

शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रथम बैच की सभी 120 छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व के अवसर पर इस संस्थान की शुरुआत जशपुर के लिए गौरव की बात है। छात्राओं को पूरी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग सिर्फ रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का कार्य है। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने और उनकी जान बचाने में नर्सों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।

प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 15 से अधिक

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य शिक्षा का लगातार विस्तार हो रहा है। राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब इनकी संख्या 15 से अधिक हो गई है। इस वर्ष पांच नए मेडिकल कॉलेज भी शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जशपुर जिले के कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज का स्थायी भवन चरईडांड में बनाया जाएगा। फिलहाल इसका संचालन झरगांव स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन से हो रहा है।

2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का लक्ष्य

सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के साथ विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1600 आवास बनाए जा रहे हैं। इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं, जिससे इनकी कुल संख्या 3100 हो गई है। किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का लाभ भी दिया जा रहा है।

कौशल प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनेंगे युवा

कार्यक्रम में पैन आईआईटी एलुमनी के चेयरमैन प्रभात कुमार ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि प्रचेत फाउंडेशन छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन का गैर-लाभकारी संयुक्त उद्यम है। इसके जरिए जनजातीय और वंचित वर्गों के युवाओं, महिलाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

error: Content is protected !!