रायपुर। छत्तीसगढ़ में कैंसर मरीजों को इलाज के खर्च में राहत देने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश में 137 गैर-अनुसूचित कैंसर रोधी दवाओं की संशोधित अधिकतम खुदरा कीमतें (MRP) लागू कर दी गई हैं। इस संबंध में दवा निर्माता कंपनियों, वितरकों, मेडिकल स्टोर, अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और कैंसर उपचार संस्थानों को नई कीमतों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। संशोधित दरें 9 नवंबर 2026 से प्रभावी हो चुकी हैं।
17 अक्टूबर को जारी हुआ था आदेश
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक के अनुसार, राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA), भारत सरकार ने 17 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी कर 137 कैंसर रोधी दवाओं पर ट्रेड मार्जिन रेशनलाइजेशन लागू किया है। इसका उद्देश्य दवाओं की कीमतों को नियंत्रित करना और संशोधित दरों का सीधा लाभ मरीजों तक पहुंचाना है।
सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को एनपीपीए की ओर से जारी नवीनतम संशोधित मूल्य सूची के अनुसार ही दवाओं की बिक्री करनी होगी। इसके साथ ही नई मूल्य सूची या पूरक सूची को अस्पतालों, मेडिकल स्टोर और अन्य संस्थानों में ऐसे स्थान पर प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है, जहां मरीज और उनके परिजन आसानी से उसे देख सकें। जहां वेबसाइट की सुविधा उपलब्ध है, वहां भी यह सूची प्रदर्शित करनी होगी।
नई एमआरपी से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई
अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली कैंसर की दवाओं की कीमतों का नियमित रूप से संशोधित मूल्य सूची से मिलान करें। किसी भी मरीज से निर्धारित नई एमआरपी से अधिक राशि वसूलना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।
इसके अलावा दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और उनकी कमी की स्थिति को रोकने के लिए भी जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई दवा विक्रेता, अस्पताल या संबंधित संस्थान निर्धारित कीमत से अधिक वसूली करता है या जारी निर्देशों का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश, 2013 और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। मूल्य सत्यापन और निगरानी के दौरान विभागीय अधिकारियों को सहयोग करना भी अनिवार्य होगा।
अधिक कीमत वसूली या दवा नहीं मिलने पर यहां करें शिकायत
यदि किसी मरीज से कैंसर की दवाओं की निर्धारित एमआरपी से अधिक कीमत ली जाती है या दवाएं उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं, तो संबंधित हेल्पलाइन और ईमेल के माध्यम से शिकायत की जा सकती है।
- छत्तीसगढ़ मूल्य निगरानी एवं संसाधन इकाई (CGPMRU): 9340597097
- एनपीपीए हेल्पलाइन: 1800-111-255
- फार्मा सही दाम ऐप/पोर्टल
- ईमेल: cg-pmru@cg.gov.in
- एनपीपीए ईमेल: monitoring-nppa@gov.in
- नियंत्रक कार्यालय ईमेल: controllerraipur@gmail.com
नई कीमतें लागू होने से कैंसर मरीजों को दवाओं की खरीद में राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही, अस्पतालों और दवा विक्रेताओं की जिम्मेदारी तय होने से निर्धारित कीमतों पर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।



