ग्वालियर, राष्ट्रबाण। शहर के सिटी सेंटर इलाके में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यूनियन बैंक के मुख्य प्रबंधक गिरिराज बघेल की कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों से टकरा गई। बताया जा रहा है कि कार चलाते समय बैंक मैनेजर को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और हार्ट अटैक आने की आशंका के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई। इस दौरान वे वाहन पर नियंत्रण खो बैठे। हादसा एम्पायर अपार्टमेंट के सामने हुआ।
सीने में दर्द उठने के बाद बेकाबू हुई कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैंक मैनेजर अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और उनकी हालत बिगड़ने लगी। आशंका जताई जा रही है कि तबीयत बिगड़ने के दौरान घबराहट में उन्होंने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे कार की रफ्तार बढ़ गई और वाहन अनियंत्रित हो गया। इसके बाद कार आगे चल रही एक अन्य कार और दो स्कूटरों से जा टकराई।
ड्राइविंग सीट पर बेहोश मिले बैंक मैनेजर
लगातार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। शुरुआत में लोगों को लगा कि हादसा चालक की लापरवाही के कारण हुआ है, लेकिन जब उन्होंने कार के अंदर देखा तो बैंक मैनेजर ड्राइविंग सीट पर बेहोश पड़े थे। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए राहगीरों ने तत्काल मदद के लिए कदम उठाए। उन्होंने बैंक मैनेजर को सीपीआर दिया और बिना देर किए उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के पास देर रात तक नहीं पहुंची शिकायत
पुलिस के मुताबिक, देर रात तक हादसे में शामिल किसी भी वाहन चालक की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। कार में मिले मोबाइल फोन और अन्य सामान को सुरक्षित रखकर बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में जमा करा दिया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गनीमत रही कि राहगीरों ने समय रहते बैंक मैनेजर की स्थिति को समझा और उन्हें चिकित्सकीय सहायता दिलाने की पहल की।



