सीकर। राष्ट्रबाण। राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर के पास शुक्रवार सुबह एक रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई। घटना मंदिर के एग्जिट गेट के नजदीक हुई, जहां खाटूश्याम जी के जन्मोत्सव के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। रेस्टोरेंट से आग की ऊंची लपटें उठती देख भक्तों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
तेजी से फैली आग, चार सिलेंडरों में हुए धमाके
जानकारी के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान रेस्टोरेंट में रखे दो दर्जन से अधिक गैस सिलेंडरों में से चार सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए। धमाकों की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। राहत की बात यह रही कि रेस्टोरेंट में रखे बाकी गैस सिलेंडरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आतिशबाजी से आग लगने की आशंका
आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि आतिशबाजी के कारण रेस्टोरेंट में आग लगी होगी। दरअसल, खाटूश्याम जी के जन्मोत्सव को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा आतिशबाजी किए जाने और पटाखे इधर-उधर फेंके जाने की बात सामने आई है। हालांकि, आग लगने की वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
स्थानीय लोगों और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासी और व्यापारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। इसके बाद मंदिर समिति और प्रशासन की दमकल गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों, व्यापारियों और दमकल कर्मियों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच टला बड़ा खतरा
गौरतलब है कि खाटूश्याम जी का वार्षिक जन्मोत्सव मेला चल रहा है, जिसमें हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के निकास द्वार के पास रेस्टोरेंट में आग लगने और गैस सिलेंडरों में धमाके होने से भगदड़ जैसी स्थिति बनने का खतरा पैदा हो गया था। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से स्थिति को संभालने में मदद मिली। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।



