नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। समुद्र में भारतीय नौसेना के युद्धपोतों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए भारत ने इजराइल के साथ महत्वपूर्ण रक्षा समझौता किया है। इस समझौते के तहत 1,976.40 करोड़ रुपये की लागत से भारतीय नौसेना के जहाजों पर पहले से तैनात बराक मिसाइल प्रणाली का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसके लिए इजराइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
दुश्मन के हवाई हमलों से निपटने की बढ़ेगी क्षमता
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य दुश्मन के संभावित हवाई हमलों से भारतीय युद्धपोतों की सुरक्षा क्षमता बढ़ाना है। बराक मिसाइल प्रणाली के उन्नयन से नौसेना को लड़ाकू विमानों, जहाजरोधी मिसाइलों और अन्य हवाई खतरों से निपटने में पहले से अधिक मदद मिलेगी। समझौते के तहत बराक मिसाइल प्रणाली के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों में व्यापक सुधार किया जाएगा। प्रणाली में लगे पुराने और अप्रचलित उपकरणों को हटाकर उनकी जगह आधुनिक तकनीक से लैस नए उपकरण लगाए जाएंगे। इससे मिसाइल प्रणाली की कार्यक्षमता और हवाई खतरों से निपटने की क्षमता में सुधार होने की उम्मीद है।
युद्धपोतों को मिलेगा मजबूत सुरक्षा कवच
यह प्रणाली समुद्र में तैनात युद्धपोतों के लिए सुरक्षा कवच की तरह काम करती है। इसके आधुनिकीकरण से भारतीय नौसेना के जहाजों की हवाई रक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में मदद मिलेगी। भारत अपनी तीनों सेनाओं को आधुनिक तकनीक और नए रक्षा उपकरणों से लैस करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। हाल ही में रक्षा मंत्रालय की रक्षा अधिग्रहण परिषद ने तीनों सेनाओं के लिए करीब 1.1 लाख करोड़ रुपये के रक्षा प्रस्तावों को मंजूरी दी थी।
हेलीकॉप्टर, रडार और सैन्य उपकरणों की खरीद को मंजूरी
इन प्रस्तावों में हेलीकॉप्टर, रडार प्रणाली, सैन्य वाहन और टरबाइन सहित कई महत्वपूर्ण रक्षा उपकरण शामिल हैं। इस प्रक्रिया में स्वदेशी रक्षा उद्योग को भी प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत आवश्यकताओं की स्वीकृति का बड़ा हिस्सा भारतीय कंपनियों के लिए निर्धारित किया गया है।
समुद्री सुरक्षा को मजबूती देने की दिशा में कदम
भारत और इजराइल के बीच हुआ यह रक्षा समझौता भारतीय नौसेना की मौजूदा मिसाइल प्रणालियों को आधुनिक बनाने और समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



