चक्रवात अकवान का ओडिशा तट पर लैंडफॉल, 3.72 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • गोपालपुर के पास तूफान का लैंडफॉल, 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं; कई जिलों में भारी बारिश
  • 4,470 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित निकाला, राहत एवं बचाव के लिए 418 टीमें तैनात

भुवनेश्वर। राष्ट्रबाण। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अकवान शुक्रवार, 20 नवंबर की सुबह ओडिशा तट से टकरा गया। गोपालपुर के पास तूफान का लैंडफॉल शुरू हुआ। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि तेज झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। तूफान के संभावित खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया है। प्रशासन ने अब तक संवेदनशील और निचले इलाकों से करीब 3.72 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

कमजोर पड़ा तूफान, फिर भी भारी बारिश का खतरा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, चक्रवात अकवान पहले गंभीर चक्रवाती तूफान की श्रेणी में था, लेकिन तट के करीब पहुंचने पर इसकी तीव्रता कम हो गई। हालांकि, तूफान कमजोर पड़ने के बावजूद भारी बारिश, तेज हवाओं और तटीय इलाकों में जलभराव एवं बाढ़ का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, लैंडफॉल की प्रक्रिया सुबह 7:30 से 8:30 बजे के बीच शुरू हुई और इसके अगले दो घंटे तक जारी रहने की संभावना जताई गई।

कई जिलों में भारी बारिश, अलर्ट जारी

चक्रवात के प्रभाव से ओडिशा के दक्षिणी और तटीय जिलों में लगातार बारिश हो रही है। गंजम जिले के पत्रपुर में करीब 200 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि हिंजिली में भी तेज वर्षा हुई। इसके अलावा पारादीप में 84 मिलीमीटर और पुरी में 73 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। गंजम, कोरापुट और मालकानगिरि सहित दक्षिणी एवं तटीय जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

3.72 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

राज्य की मुख्य सचिव अनु गर्ग के मुताबिक, चक्रवात से प्रभावित होने की आशंका वाले इलाकों से अब तक 3.72 लाख लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इनमें से करीब 10 हजार लोगों को चक्रवात आश्रय स्थलों और अन्य सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। प्रशासन ने गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए हैं। अब तक 4,470 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें से 1,450 महिलाओं का प्रसव हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार, सभी माताएं और नवजात सुरक्षित हैं।

418 टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटीं

राहत और बचाव कार्यों के लिए राज्यभर में 418 टीमें तैनात की गई हैं। शुरुआती चरण में 20 जिलों से करीब तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था, जिनकी संख्या बढ़कर अब 3.72 लाख हो गई है। संभावित अचानक बाढ़ के खतरे को देखते हुए सात नदियों के जलस्तर पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं, नौ जिलों में तैयारियों की समीक्षा के लिए आठ आईएएस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बुनियादी सेवाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

राज्य सरकार ने संबंधित विभागों को बिजली, संचार, सड़क और अन्य आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रख रही हैं। सरकार ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित नुकसान को कम करने पर है।

error: Content is protected !!