छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर CM विष्णुदेव साय की अपील, बोले- मातृभाषा के संरक्षण और संवर्धन का लें संकल्प

Chhattisgarh Rashtrabaan

    रायपुर। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और स्वाभिमान का प्रतीक बताया। साथ ही लोगों से अपनी मातृभाषा के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने की अपील की।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा में प्रदेश की मिट्टी की खुशबू, पूर्वजों के संस्कार और यहां की आत्मीयता समाहित है। हमारे लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और परंपराओं में छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और सांस्कृतिक पहचान दिखाई देती है।

    नई पीढ़ी को मातृभाषा से जोड़ना जरूरी

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा पीढ़ियों से हमारी संस्कृति और जीवन मूल्यों को सहेजती आई है। यह हमें अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़े रखती है। किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके अधिकाधिक उपयोग और नई पीढ़ी के साथ जुड़ाव से होती है।

    उन्होंने कहा कि हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व करना चाहिए और इसे दैनिक बातचीत के साथ साहित्य, शिक्षा तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति में भी अधिक से अधिक स्थान देना चाहिए।

    भाषा के संरक्षण और संवर्धन का लें संकल्प

    मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर सभी लोग अपनी मातृभाषा के मान-सम्मान को बढ़ाने और उसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लें।

    उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास, समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाया जा सकता है।

    error: Content is protected !!