बैतूल, राष्ट्रबाण। जिले में रेत कारोबार को लेकर लंबे समय से उठ रहे सवाल अब आंदोलन का रूप लेने लगे हैं। रेत की बढ़ती कीमतों, कथित मनमानी वसूली और स्थानीय लोगों के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर कांग्रेस नेता ऋषि दीक्षित द्वारा उठाई गई आवाज अब सड़क पर उतर आई है। ऋषि दीक्षित और तरुण कालभोर बैतूल कलेक्ट्रेट के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। आंदोलनकारियों ने परम कंस्ट्रक्शन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है।
3000 रुपये रॉयल्टी, 2100 रुपये डब्ल्यूआर का हिसाब कौन देगा?
आंदोलनकारियों का आरोप है कि रेत कारोबार में 3000 रुपये रॉयल्टी और 2100 रुपये डब्ल्यूआर के नाम पर राशि ली जा रही है। उनका सवाल है कि आखिर इन दोनों मदों में ली जा रही राशि का आधार क्या है? क्या यह दरें शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप हैं? यदि हां, तो प्रशासन और खनिज विभाग इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं करते?
रेत जैसी बुनियादी निर्माण सामग्री की कीमतों को लेकर पहले भी जिले में नाराजगी सामने आ चुकी है। अब इन आरोपों के बाद रेत ठेका व्यवस्था की पारदर्शिता और मूल्य निर्धारण पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
चार बोलेरो से आदिवासी क्षेत्रों में पहुंचने के आरोप
आंदोलन के दौरान रेत कारोबार से जुड़े कुछ लोगों की कार्यप्रणाली को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आंदोलनकारियों का आरोप है कि कंपनी से जुड़े लोग चार बोलेरो वाहनों के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय लोगों को धमकाते हैं तथा उनके साथ मारपीट जैसी घटनाएं भी होती हैं।
इतना ही नहीं, आरोप है कि स्थानीय लोगों को झूठे मामलों में फंसाने के लिए भी दबाव बनाया जाता है। इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और उनके अधिकारों से जुड़े इस मामले में प्रशासन की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित कंपनी एवं प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।
वीडियो से शुरू हुई आवाज अब आंदोलन तक पहुंची
गौरतलब है कि ऋषि दीक्षित ने कुछ दिन पहले फेसबुक पर करीब 11 मिनट का वीडियो जारी कर बैतूल जिले की रेत व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। उन्होंने बैतूल में लगभग 45 रुपये घनफीट तक रेत बिकने का दावा करते हुए पड़ोसी होशंगाबाद में करीब 35 रुपये घनफीट की कीमत का हवाला दिया था। उन्होंने स्थानीय विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से रेत कारोबार में कथित माफियागिरी पर अंकुश लगाने और आम जनता को राहत दिलाने की मांग भी की थी। अब यही मुद्दा अनिश्चितकालीन धरने के रूप में कलेक्ट्रेट तक पहुंच गया है।
ठेका कंपनी को कारोबार का अधिकार, मनमानी का नहीं!
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या किसी कंपनी को रेत खनन और परिवहन का ठेका मिलने के बाद स्थानीय लोगों के हितों और शासन के नियमों की अनदेखी करने की छूट मिल जाती है? रॉयल्टी, डब्ल्यूआर, परिवहन शुल्क और रेत की बिक्री दरों को लेकर स्पष्ट व्यवस्था आखिर जनता के सामने क्यों नहीं रखी जा रही? स्थानीय ट्रैक्टर संचालकों, छोटे कारोबारियों और मकान निर्माण कराने वाले परिवारों पर भी इस व्यवस्था का सीधा असर पड़ रहा है। ऐसे में खनिज विभाग को केवल कागजी जवाब देने के बजाय धरातल पर जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
अब प्रशासन की अग्निपरीक्षा, धरने का समाधान कब?
ऋषि दीक्षित और तरुण कालभोर के अनिश्चितकालीन धरने के बाद अब सबकी नजर जिला प्रशासन और खनिज विभाग पर टिकी है। आंदोलनकारियों की मांगों और लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पक्षों का पक्ष सार्वजनिक किया जाना जरूरी है।
क्या प्रशासन आंदोलनकारियों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर रेत कारोबार की दरों और कार्यप्रणाली की जांच करेगा? क्या आदिवासी क्षेत्रों में कथित धमकी और मारपीट के आरोपों पर कार्रवाई होगी? या फिर यह आंदोलन भी अन्य शिकायतों की तरह सरकारी दफ्तरों की फाइलों तक सीमित रह जाएगा?
बैतूल की रेत व्यवस्था को लेकर अब सवाल केवल कीमतों का नहीं, बल्कि पारदर्शिता, स्थानीय लोगों के अधिकारों और प्रशासनिक जवाबदेही का है। ठेका कंपनी अपना पक्ष रखे और प्रशासन जांच के निष्कर्ष जनता के सामने लाए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
Read Also : बैतूल : क्या वर्दी मिल जाने से अपराध करने का लाइसेंस मिल जाता है?


