बालाघाट : ​रिश्ते को किया शर्मसार! 4 साल की मासूम से दुष्कर्म करने वाले चाचा को दोहरा आजीवन कारावास

Rashtrabaan
Highlights
  • ​​बालाघाट के वारासिवनी स्थित विशेष पॉक्सो कोर्ट ने सुनाया कठोर फैसला, जुर्माना न भरने पर तीन माह अतिरिक्त कारावास

    ​बालाघाट, राष्ट्रबाण। जिस घर में मासूम बच्ची अपनों के बीच खुद को सुरक्षित समझ रही थी, वहीं उसके साथ हुई दरिंदगी ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया। चार साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के मामले में बालाघाट जिले के वारासिवनी स्थित विशेष पॉक्सो न्यायालय ने आरोपी रिश्ते के चाचा को दो अलग-अलग धाराओं में आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने 26 नवंबर को यह फैसला सुनाते हुए आरोपी पर कुल 4 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है और पीड़ित बच्ची को 4 लाख रुपये प्रतिकर देने का आदेश भी जारी किया है।

    ​क्या है पूरा मामला?

    यह घटना 7 अक्टूबर 2023 की है। पीड़ित बच्ची की मां पड़ोस में रहने वाले एक रिश्तेदार के घर गई थीं और मासूम भी उनके पीछे-पीछे वहां पहुंच गई। घर के आंगन में परिवार की महिलाएं आपस में बातचीत कर रही थीं, इसी दौरान 24 वर्षीय आरोपी लक्ष्मीप्रसाद उर्फ सोनू सपाटे बच्ची के साथ खेल रहा था। कुछ समय बाद वह कमरे के अंदर गया और मासूम भी उसके पीछे कमरे में चली गई। करीब आधे घंटे बाद जब बच्ची कमरे से बाहर निकली तो उसके कपड़े गीले थे और वह बेहद घबराई हुई थी। मां ने जब स्नेह से उससे पूछताछ की तो बच्ची ने अपने साथ हुई अमानवीय हरकत के बारे में बताया। यह सुनकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई।

    ​पुलिस कार्रवाई और न्यायालय का फैसला

    घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद लालबर्रा थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना पूरी की और न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया। मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश कविता इवनाती की अदालत में हुई। उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी लक्ष्मीप्रसाद उर्फ सोनू सपाटे को दोषी करार दिया। कोर्ट ने पॉक्सो एक्ट की दो धाराओं के तहत उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई तथा प्रत्येक धारा में 2-2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में तीन माह का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक ऋतुराज कुमरे ने प्रभावी पैरवी की।

    Read Also : बैतूल : क्या वर्दी मिल जाने से अपराध करने का लाइसेंस मिल जाता है?

    error: Content is protected !!