भोपाल, राष्ट्रबाण। भोपाल में बुधवार को एक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दरअसल युवक छत से गिरकर अपनी जान गवां बैठा है। वहीं पुलिस द्वारा मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। घटना निशातपुरा थाना इलाके की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में सोने की लिए अपने घर की छत पर गया था। बुधवार सुबह उसका शव पड़ोस के मकान की छत पर पड़ा देखा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। निशातपुरा थाना पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय अजय मीना कृषक नगर इलाके में किराए के मकान में अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ रहता था। वह निजी काम करता था। उसके माता-पिता सहित पूरा परिवार बिलखिरिया इलाके में रहता है। सात वर्ष पहले प्रेम विवाह करने के बाद अजय परिवार से अलग होकर कृषक नगर में आकर रहने लगा था। उसे शराब पीने की लत थी। पिछले कुछ माह से वह लोगों से उधार रुपये लेकर शराब पीने लगा था।
आय दिन विवाद के चलते पत्नी चली गई थी मायके..
मंगलवार को उसने पत्नी का मोबाइल फोन गिरवी रख दिया था। उससे मिले रुपयों से भी अजय शराब पी गया था। इस बात को लेकर उसका पत्नी से झगड़ा भी हो गया था। विवाद के बाद पत्नी, बच्चों को लेकर नवीबाग स्थित अपने मायके चली गई थी। उधर अजय रात में शराब के नशे में मकान की छत पर सोने चला गया था। बुधवार सुबह 11 बजे लोगों ने पड़ोस के मकान की छत पर अजय को मृत अवस्था में पड़े देखा। पुलिस का अनुमान है कि नशे की हालत में रात में वह अपने मकान की छत से पड़ोस के मकान की छत पर पर गिर पड़ा होगा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।