रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक राजधानी रायपुर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने को लेकर चर्चा हुई। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल और मीडिया प्रबंधन को लेकर कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही युवा मोर्चा की आगामी कार्ययोजना तैयार करने और संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाएं युवा कार्यकर्ता : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘संवरता छत्तीसगढ़’ विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सड़क निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, अधोसंरचना और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
अरुण साव ने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश के भविष्य के निर्माता हैं। उन्हें सकारात्मक सोच के साथ संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
राजनीतिक मुद्दों पर तथ्यों के साथ रखें अपनी बात : विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ‘वर्तमान राजनीतिक मुद्दे एवं हमारा दृष्टिकोण’ विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने देश और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, भाजपा की नीतियों, सुशासन और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी।
उन्होंने विपक्ष की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कार्यकर्ताओं से राजनीतिक आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर देने की अपील की। विजय शर्मा ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से जागरूक रहना चाहिए और जनता के बीच पार्टी की नीतियों एवं विचारों को स्पष्टता के साथ रखना चाहिए।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम : ओपी चौधरी
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ‘राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका’ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारत की युवा आबादी देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। युवा केवल भविष्य की ताकत नहीं, बल्कि वर्तमान में भी राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और नवाचार को युवाओं की प्रगति के लिए जरूरी बताया। ओपी चौधरी ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना के साथ समाज और संगठन के कार्यों में योगदान देना चाहिए।
बैठक में संगठन की मजबूती, युवाओं की भागीदारी और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया।


