सिवनी, संवाददाता। सिवनी शहर के चर्चित सिद्धार्थ होटल वीडियो कांड ने इन दिनों पूरे प्रदेश की सियासत और प्रशासनिक गलियारों में भूचाल ला दिया है। एक प्रेमी युगल के बैग में गांजा रखकर फंसाने की धमकी देने वाले पुलिसकर्मियों का वीडियो क्या वायरल हुआ, सोशल मीडिया से लेकर अखबारों और टीवी चैनलों की सुर्खियां सिर्फ इसी एक खबर से पट गईं। शासन ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए बिना देरी किए सख्त रुख अपनाया और एडिशनल एसपी समेत अब तक सात पुलिसकर्मियों पर निलंबन की गाज गिराते हुए जांच बैठा दी है।
लेकिन, इस पूरे घटनाक्रम के बीच अब सिवनी की जागरूक जनता और प्रबुद्ध वर्ग एक बेहद गंभीर सवाल उठा रहा है। सवाल यह है कि खाकी के गलत आचरण पर तो कार्रवाई हो गई, लेकिन शहर की उन होटलों पर कानून का डंडा कब चलेगा, जहां आतिथ्य सत्कार की आड़ में खुलेआम अनैतिक देह व्यापार और अय्याशी का काला कारोबार फल-फूल रहा है?
सीसीटीवी के खौफ से क्या अब बेलगाम होंगे होटल संचालक?
सिद्धार्थ होटल के सीसीटीवी फुटेज ने जिस तरह पुलिस की कार्यप्रणाली को बेनकाब किया है, उसके बाद अब शहर में एक नई चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। लोगों के बीच यह आशंका गहराने लगी है कि कहीं इस कार्रवाई के बाद पुलिसकर्मी सीसीटीवी कैमरों के डर से बैकफुट पर न आ जाएं। यदि पुलिस ने इन होटलों की ओर रुख करना बंद कर दिया, तो क्या शहर के कुछ चुनिंदा होटलों में खुलेआम जिस्मफरोशी का बाजार सजेगा? क्या अब कानून के रखवालों के खौफ से आजाद होकर ये अनैतिक धंधेबाज बेखौफ होकर अपने काले मंसूबों को अंजाम देंगे?
कमीशनखोरी का पूरा गणित, कमरे से लेकर जिस्म तक की दलाली!
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शहर की कुछ होटलों में बाहरी शहरों से लड़कियों को बुलाकर बाकायदा देह व्यापार का सिंडिकेट चलाया जा रहा है। इस पूरे गोरखधंधे में होटल संचालकों और मालिकों का हिस्सा पहले से तय रहता है। सूत्र बताते हैं कि हवस की आग में झुलस कर होटल पहुंचने वाले ग्राहकों से कमरे के उपयोग के नाम पर पहले 1000 रुपये वसूले जाते हैं। इसके बाद जिस्मानी संबंध बनाने के एक राउंड के लिए 1500 से 2000 रुपये तक की रकम तय होती है। इस वसूली में 60 प्रतिशत हिस्सा बाहर से आई युवती का होता है, जबकि सीधा 40 प्रतिशत कमीशन होटल संचालक और मालिक की जेब में जाता है। इस तरह कथित तौर पर ये होटल मालिक एक तरफ कमरा किराए पर देकर मोटी रकम बटोर रहे हैं, तो दूसरी तरफ जिस्म की दलाली कर अपनी तिजोरियां भर रहे हैं।
युवाओं की निजता पर बड़ा खतरा, कही अंतरंग वीडियो न बन जाये परेशानी?
सिद्धार्थ होटल के वीडियो कांड ने समाज के साथ-साथ आज के युवाओं को भी गहरे सोच में डाल दिया है। होटलों में अपने प्रेमी या प्रेमिका के साथ निजी पल बिताने जाने वाले युवाओं के लिए यह घटना एक बड़े खतरे की घंटी साबित हुई है। पुलिस का वीडियो जिस तरह होटल के कैमरों से निकलकर सार्वजनिक हुआ, उसने एक भयावह सवाल खड़ा कर दिया है। आखिर ऐसे कितने युवाओं के निजी और अंतरंग पलों के वीडियो इन होटल संचालकों और मालिकों के पास कैद होंगे? कल को यदि इन वीडियो के जरिए युवाओं को ब्लैकमेल करने का खेल शुरू हुआ, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? यह सवाल हर अभिभावक और युवा के मन में सिहरन पैदा कर रहा है।
सियासी और धार्मिक चश्मे से भी हो रही चर्चा
इस पूरे मामले को अब शहर के चौक-चौराहों और सोशल मीडिया पर एक अलग ही राजनीतिक और धार्मिक मोड़ देकर भी देखा जा रहा है। आम लोगों के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि यदि वायरल वीडियो में दिखने वाला युवक किसी अल्पसंख्यक (मुस्लिम) समुदाय से होता, तो शायद इस पूरे घटनाक्रम की तस्वीर ही कुछ और होती। लोगों का मानना है कि ऐसी स्थिति में बैग में गांजा रखकर फंसाने की धमकी देने वाली सिवनी पुलिस की चारों तरफ जय-जयकार हो रही होती। जो अधिकारी आज निलंबन झेल रहे हैं, उन्हें कट्टरपंथी संगठनों द्वारा ‘हिंदू शेर’ की उपाधि से नवाजा जाता और पूरे मामले को ‘लव जिहाद’ का रंग देकर सत्ताधारी दल के नेता व समर्थक मोहन सरकार की पुलिस की पीठ थपथपाते नजर आते।
जनता जनार्दन मांग रही जवाब
बहरहाल, कानून अपना काम कर रहा है और पुलिस के अनुशासनहीन रवैये पर सरकार की कार्रवाई स्वागतयोग्य है। लेकिन एक अपराध पर पर्दा डालने या एक गलत कार्रवाई का विरोध करने का अर्थ यह कतई नहीं हो सकता कि समाज में फैल रही दूसरी बड़ी बुराई को अनदेखा कर दिया जाए। सिवनी की जनता जनार्दन अब प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों से यह जानना चाहती है कि शहर की फिजा में जहर घोलने वाले इन संदिग्ध होटलों की जांच कब होगी? कमरा किराए पर देने के नाम पर चल रहे अनैतिक धंधों पर ताला कब जड़ा जाएगा? अब देखना यह होगा कि प्रशासन केवल पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कर इतिश्री कर लेता है या फिर इन सफेदपोश होटल संचालकों के काले कारनामों पर भी नकेल कसता है।
Read Also : सिवनी में पुलिस पर गंभीर आरोप, होटल का सीसीटीवी वायरल; टीआई लाइन अटैच



