मुंबई एयरपोर्ट पर डीआरआई ने 5.7 करोड़ रुपए के हीरे जब्त किए, दो तस्कर गिरफ्तार

Rashtrabaan

    मुंबई। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई), मुंबई ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 5.7 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के हीरों की तस्करी को नाकाम करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

    खुफिया सूचना के आधार पर मुंबई एयरपोर्ट पर डीआरआई की टीम ने सघन जांच कर दो यात्रियों को रोका। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने शरीर के भीतर कुल चार कैप्सूल छिपाए होने का खुलासा किया। बाद में ये कैप्सूल निकाले गए, जिनमें 1,624 कैरेट के प्राकृतिक और लैब में बने हीरे पाए गए। इस हीरों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 5.7 करोड़ रुपए है।

    अधिकारीयों का कहना है कि ये हीरे अवैध रूप से बाहर भेजे जाने के उद्देश्य से छिपाए गए थे। जब्त हीरों को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की संबंधित धारा के तहत कब्जे में लिया गया और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

    डीआरआई की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि इस सिंडिकेट को खत्म करने के लिए जांच जारी है, जो न केवल हीरों बल्कि अंतरराष्ट्रीय मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधियों में भी संलिप्त है।

    यह कार्रवाई पिछली करवाईयों की कड़ी है, जिसमें 20 अप्रैल को भी डीआरआई ने तंजानिया, सूडान और कनाडा से 139 करोड़ रुपए मूल्य के प्रतिबंधित ‘तरबूज के बीज’ और ‘हरी मटर’ की तस्करी का खुलासा किया था। उस मामले में संबंधित आयातक और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया था।

    अधिकारियों ने बताया कि न्हावा शेवा बंदरगाह पर 132 कंटेनर जब्त किए गए थे, जिनमें लगभग 3,029 मीट्रिक टन माल था, जिसे गलत तरीके से ‘तूर दाल/अरहर दाल’ बताकर आयात किया गया था। जांच में माल की असलियत सामने आई और प्रतिबंधित वस्तुएं जब्त की गईं।

    डीआरआई ने सुनिश्चित किया है कि देश के आर्थिक हितों की रक्षा हो, घरेलू उत्पादकों को उचित संरक्षण मिले और सभी आयात नियमों का सख्ती से पालन हो। यह विभाग अवैध तस्करी और प्रतिबंधित वस्तुओं की निगरानी में लगातार सक्रिय है और आवश्यकतानुसार कड़ी कार्रवाई करता रहेगा।

    Source

    error: Content is protected !!