मुंबई। मशहूर क्राइम शो ‘सीआईडी’ और हॉरर शो ‘आहट’ के निर्माता-निर्देशक बीपी सिंह का 77 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हुआ। उनके निधन की खबर से टेलीविजन और मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने उन्हें श्रद्धांजलि देकर उनके निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने बताया कि बीपी सिंह का अंतिम संस्कार 28 अक्टूबर को किया जाएगा। अंतिम संस्कार से जुड़ी विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।
बीपी सिंह का पूरा नाम बृजेंद्र पाल सिंह था। उन्हें भारतीय टेलीविजन के लोकप्रिय और सफल निर्माताओं में गिना जाता था। उनके निर्देशन और निर्माण में बने ‘सीआईडी’ ने लंबे समय तक दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाए रखी। वहीं, हॉरर शो ‘आहट’ ने भी देशभर में लोकप्रियता हासिल की थी।
पंडित ने पोस्ट में बीपी सिंह को बेहतरीन निर्माता-निर्देशक के साथ अपना करीबी दोस्त बताया। उन्होंने कहा कि ‘सीईडी’ और ‘आहट’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए बीपी सिंह ने भारतीय टेलीविजन को महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका काम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। पंडित ने इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (आईएफटीडीए) से जुड़े अपने अनुभवों को याद कर कहा कि बीपी सिंह के साथ उनका गहरा संबंध रहा। उन्होंने दिवंगत निर्माता के परिवार और करीबियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। बीपी सिंह के निधन से भारतीय टेलीविजन जगत ने एक अनुभवी और प्रतिभाशाली व्यक्तित्व को खो दिया है। उनके लोकप्रिय धारावाहिक और मनोरंजन जगत में दिया गया योगदान दर्शकों के बीच लंबे समय तक याद किया जाएगा।
‘CID’ और ‘आहट’ के निर्माता बीपी सिंह का निधन, 77 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

Highlights
- दिल का दौरा पड़ने से हुआ निधन, 28 अक्टूबर को होगा अंतिम संस्कार।
- ‘CID’ और ‘आहट’ से घर-घर में बनाई पहचान, मनोरंजन जगत में शोक की लहर।
