वर्धा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का महाराष्ट्र के वर्धा जिले से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे सड़क निर्माण में लापरवाही और घटिया गुणवत्ता को लेकर एक ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में गडकरी ठेकेदार से कहते सुनाई दे रहे हैं कि उसे इतना घटिया काम करने पर शर्म आनी चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने ठेकेदार को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।
स्थानीय विधायक की शिकायत पर जताई नाराजगी
यह घटना रविवार की बताई जा रही है। दरअसल, नितिन गडकरी वर्धा जिले के सिंदी शहर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क की आधारशिला रखने पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम के दौरान एक स्थानीय विधायक ने वर्धा की सड़क के निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत केंद्रीय मंत्री से की। शिकायत पर गडकरी ने नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य में सुधार करने के निर्देश दिए।
150 एकड़ से अधिक क्षेत्र में बनेगा लॉजिस्टिक्स पार्क
सिंदी में प्रस्तावित मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क करीब 150.42 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। इसका निर्माण महाराष्ट्र एमएमएलपी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। यह कंपनी राष्ट्रीय राजमार्ग लॉजिस्टिक्स प्रबंधन लिमिटेड और जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण का संयुक्त उद्यम है। परियोजना के पूरी तरह विकसित होने के बाद सड़क और रेल के माध्यम से माल ढुलाई को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकेगा। इससे परिवहन में लगने वाला समय और रसद लागत कम होने की उम्मीद है। साथ ही आपूर्ति शृंखला मजबूत होगी और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, लॉजिस्टिक्स पार्क के निर्माण से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। इससे व्यापार और माल परिवहन की व्यवस्था बेहतर होने के साथ भारत की व्यापारिक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। परियोजना को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से भी जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर नितिन गडकरी की ठेकेदार को लगाई गई फटकार का वीडियो चर्चा में है।


