मुंबई। केरल कांग्रेस में कथित खींचतान की खबरों को खारिज करते हुए शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने स्पष्ट किया कि पार्टी के अंदर सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा है और जल्दी ही राज्य को नया मुख्यमंत्री मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है और इससे केरल में एक स्थिर और विकासोन्मुख शासन स्थापित होगा।
आनंद दुबे ने बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लगातार बैठकें कर रहे हैं ताकि सरकार गठन की प्रक्रिया तेज़ी से पूरी हो। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा और कहा कि विपक्षी पार्टी गलत नैरेटिव फैलाने की कोशिश कर रही है, जबकि कांग्रेस एकजुट होकर काम कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में सत्ता परिवर्तन एक सामान्य प्रक्रिया है और सभी राजनीतिक दलों को जनता के जनादेश का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार का स्वागत करते हुए सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और समावेशी शासन की अपील की।
दुबे ने कहा कि भाजपा की ‘डबल इंजन सरकार’ जनता तक लाभ पहुंचाने पर ध्यान दे, लेकिन विपक्षी दलों का सम्मान भी जरूरी है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की बात कही और कहा कि सरकार को सभी दलों को विश्वास में लेकर ही आगे बढ़ना चाहिए।
इसके अतिरिक्त, पंजाब के जालंधर और अमृतसर में हुए धमाकों पर उन्होंने गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत की आंतरिक स्थिरता बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने इन धमाकों की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र पहचान और सख्त कार्रवाई की मांग की।
आनंद दुबे ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में राजनीति से ऊपर उठकर काम करना चाहिए ताकि देश की सुरक्षा और शांति बनी रहे। उन्होंने कहा कि देश और राज्य की मजबूती राजनीतिक दलों से महत्वपूर्ण है।

