पनवेल महानगरपालिका की महासभा आज दिनांक 24 अप्रैल को महापालिका के आद्य क्रांतिवीर वासुदेव बळवंत फडके नाट्यगृह में महापौर नितीन पाटील की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा के बाद कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
महासभा में मंच पर उपमहापौर प्रमिला पाटील, आयुक्त मंगेश चितळे, अतिरिक्त आयुक्त गणेश शेटे तथा महापालिका सचिव नानासाहेब कामठे उपस्थित रहे। सभागृह में सभागृह नेता ॲड प्रकाश बिनेदार, स्थायी समिति सभापति बबन मुकादम, महिला बालकल्याण समिति सभापति ममता म्हात्रे, विरोधी पक्ष नेता अरविंद म्हात्रे सहित महापालिका सदस्य, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
बैठक के दौरान पनवेल महानगरपालिका द्वारा आयोजित जयंती उत्सव, सण और विविध कार्यक्रमों के अवसर पर इमारतों, सड़कों, चौकों और स्मारकों पर तीन वर्ष की अवधि के लिए भाड़े पर आकर्षक विद्युत रोषणाई उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को चर्चा के बाद मंजूरी दी गई।
इसी क्रम में नविन पनवेल (पूर्व) सेक्टर 1, रोड क्रमांक 4 पर पावसाळी गटार निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। महानगरपालिका क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर वार्षिक दर से वृक्ष और पौधों की आपूर्ति, रोपण और संरक्षण के विषय पर भी चर्चा की गई और उसे मंजूरी दी गई। हालांकि प्रभाग समिति अ, ब, क और ड में अतिक्रमण तथा अनधिकृत निर्माण हटाने के लिए मनुष्यबळ, यंत्रसामग्री और वाहनों की आपूर्ति हेतु निविदा आमंत्रित करने का विषय स्थगित कर दिया गया।
महासभा में पनवेल महानगरपालिका के स्वामित्व वाले बंदर रोड स्थित 14 द.ल.लि. क्षमता के मलप्रक्रिया (STP) केंद्र में इलेक्ट्रोमैकेनिकल और पंपिंग मशीनरी सहित इमारत की मरम्मत कार्य के प्रस्ताव को प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी दी गई। साथ ही प्रभाग क्रमांक 03, खारघर, सेक्टर 36 में मुख्य सड़क से स्वप्नपूर्ति गृहसंकुल और व्हॅलीशिल्प तक सड़क के पुनर्पुष्टीकरण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली।
इसके अतिरिक्त महानगरपालिका क्षेत्र के प्रभाग समिती अ, ब, क और ड में विभिन्न स्थानों पर दो वर्ष की अवधि के लिए पावसाळी पानी निकासी हेतु भाड़े पर पंप उपलब्ध कराकर उनके परिचालन के प्रस्ताव को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
नागरी प्राथमिक आरोग्य केंद्र नविन पनवेल और खारघर के नए भवनों में डायलिसिस सेंटर के मरीजों के लिए मेडिकल गैस पाइपलाइन कार्य हेतु प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी तथा ई-निविदा प्रकाशित करने के प्रस्ताव को भी महासभा ने मंजूरी दी।
इसके साथ ही आद्य क्रांतिवीर वासुदेव बळवंत फडके नाट्यगृह में केंद्रीय वातानुकूलन प्रणाली के तीन वर्ष के लिए दैनिक संचालन, रखरखाव, मरम्मत, सुधार और नवीनीकरण के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। लोकमान्य नगर, मालधक्का स्थित भूखंड क्रमांक 389 (पनवेल) पर झोपड़पट्टी धारकों के पुनर्वसन के विषय पर चर्चा कर उसे भी मंजूरी प्रदान की गई।
अंत में पनवेल महानगरपालिका के स्वामित्व वाले वाहनों और जनरेटर के लिए ईंधन आपूर्ति के प्रस्ताव को भी महासभा ने स्वीकृति दी। यह महासभा शहर के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए अहम साबित हुई।

