रांची, राष्ट्रबाण। कांग्रेस सासंद धीरज साहू के घर पड़ी इनकम टैक्स के छापेमार कार्यवाही में अब तक आयकर टीम को 300 करोड़ से अधिक नगद बरामद हुआ है। दरअसल यह रकम उनके तीन राज्यों झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के 10 ठिकानों से बरामद की गई है। टैक्स चोरी के मामले में इनके घर,ऑफिस और फैक्ट्री पर बुधवार 6 दिसंबर को छापेमारी शुरू की गई थी। धीरज झारखंड से राज्यसभा सदस्य हैं। इनकम टैक्स के अफसरों के मुताबिक, ये किसी सिंगल ऑपरेशन में बरामद हुई अब तक की सबसे बड़ी रकम है। आयकर विभाग को यह कैश ओडिशा के टिटलागढ़, बोलांगीर और संबलपुर स्थित ठिकानों से मिला है। शनिवार 8 दिसंबर को नोट गिनने के लिए 40 बड़ी और छोटी मशीनें लगाई गई हैं। नोटों की गिनती अब तक जारी है।आयकर विभाग के महानिदेशक संजय बहादुर ने दिल्ली जाने के दौरान भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर मीडिया से कहा कि कैश की मात्रा इतनी ज्यादा है कि अभी गिनती में दो दिन और लगेंगे। इसके बाद ही आधिकारिक रूप से इस पर जानकारी दी जा सकेगी।
अब तक 30 अलमारी में मिला केश…
आयकर विभाग ने बुधवार 6 दिसंबर को छापेमारी शुरू की थी। 7 दिसंबर तक शराब बनाने वाली कंपनी बलदेव साहू एंड ग्रुप ऑफ कंपनीज के कार्यालय में नोटों से भरी 30 अलमारी मिली थीं। इनमें से 9 में 500, 200 और 100 रुपए के नोट के बंडल जब्त किए थे। नोटों से भर कई बैग भी मिले थे। हालांकि, इनमें कितना कैश था, इसकी जानकारी आईटी टीम ने नहीं दी। अभी लॉकरों को खोला जाना बाकी है। गुरुवार की शाम तक 260 करोड़ का कैश मिल चुका था। इसके बाद यह राशि बढ़ती चली गई।
इसके बाद, शुक्रवार को आयकर विभाग को ओडिशा के टिटलागढ़ में शराब कारोबार संभालने वाले संजय साहू और दीपक साहू के घर से 8 करोड़ रुपए बरामद हुए है। राइस मिलर और ट्रांसपोर्टर राजकिशोर जायसवाल के ठिकानों से भी बड़ी रकम जब्त हुई। ओडिशा के बौध जिले की राइस मिल और बौध डिस्टलरी प्राइवेट लिमिटेड में शुक्रवार को देर शाम छापेमारी हुई। यहां से भी कैश मिलने की खबर है।