खेल के मैदान में दम दिखा रहे बस्तर के युवा, बस्तर ओलंपिक में पंजीयन का आंकड़ा एक लाख पार

Chhattisgarh Rashtrabaan

    जगदलपुर। बस्तर की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के लिए बस्तर ओलंपिक एक बड़ा मंच बनता जा रहा है। इसके तीसरे संस्करण में युवाओं की भागीदारी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ, जिसमें जिले के सात विकासखंडों से चयनित दो हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस आयोजन के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है।

    बस्तर ओलंपिक के प्रति युवाओं का उत्साह हर साल बढ़ रहा है। वर्ष 2024 में इस प्रतियोगिता के लिए 37 हजार 650 पंजीयन हुए थे। 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 95 हजार 587 पहुंच गया, जबकि इस साल कुल 1 लाख 4 हजार 841 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पहले दिन जूनियर और दूसरे दिन सीनियर वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग, हॉकी और कराटे समेत 11 खेल विधाओं को शामिल किया गया है।

    11 खेलों में प्रतिभा दिखा रहे खिलाड़ी

    प्रतियोगिताओं का आयोजन शहर के चार अलग-अलग खेल मैदानों में किया जा रहा है। खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा और दमखम दिखा रहे हैं। बस्तर ओलंपिक की खास बात यह है कि खिलाड़ियों को ब्लॉक स्तर से जिला और फिर संभाग स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलता है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच मिल रहा है।

    विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार, संभाग स्तर पर भी मिलेगा मौका

    प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार, मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, सबसे अधिक पदक जीतने वाले विकासखंड को ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। जिला स्तरीय मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।

    जनप्रतिनिधियों ने इस आयोजन को बस्तर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। बस्तर ओलंपिक के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े स्तर पर पहचान बनाने का मौका मिल रहा है।

    error: Content is protected !!