जयपुर। शनिवार को राजस्थान में अचानक सक्रिय हुआ एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ मौसम ने कई जिलों में आंधी-तूफान, धूलभरी हवाएं और बारिश का दौर शुरू कर दिया। इस बदलाव के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। तेज हवाओं ने कई जगह पेड़ उखाड़ दिए और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर, नागौर, डीडवाना-कूचामन, अलवर तथा सीकर में तेज धूलभरी आंधी चली। राजधानी जयपुर में भी तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी खबर मिली है।
धूल और तेज हवा के कारण कई इलाकों में दिन में ही अंधेरा छा गया। दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर यात्रा करनी पड़ी। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़कों पर रुकावटें आईं और बिजली कटौती ने लोगों को परेशानी में डाला।
हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में हवाओं की रफ्तार 56 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र में लगभग 10 मिनट तक तेज धूलभरी आंधी चली, जिसने आस-पास के लोगों को हतप्रभ कर दिया।
श्रीगंगानगर में सुबह 11 बजे आए तूफान ने पूरे शहर को धूल की चादर में ढक दिया। चूरू और बीकानेर में भी इसी प्रकार के हालात बने रहे, जबकि सीकर जिले के फतेहपुर एवं लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में धूल के काले गुबार छा गए।
मौसम के इस आकस्मिक बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने शनिवार शाम 4:30 बजे श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, सीकर, डीडवाना-कुचामन, नागौर, झुंझुनूं, जयपुर और फलोदी के लिए रेड अलर्ट जारी किया। वहीं दौसा, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, डीग, भरतपुर और करौली के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित हुआ।
उदयपुर समेत कई जिलों में सुबह बारिश भी दर्ज की गई।
शाम छह बजे मौसम विभाग ने नया पूर्वानुमान जारी करते हुए फलोदी, जोधपुर, नागौर, डीडवाना-कुचामन, सीकर, जयपुर, अजमेर, ब्यावर, टोंक और दौसा के लिए भारी बारिश और तेज मौसम गतिविधियों संबंधी रेड अलर्ट दिया। हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
बालोतरा, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, खैरथल-तिजारा, सवाई माधोपुर और करौली के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान आपदा प्रबंधन विभाग ने शाम 4 से 7 बजे के बीच तूफानी गतिविधियों की चेतावनी देते हुए हवाओं की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की है।
प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। डीडवाना-कूचामन, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, झुंझुनूं, कोटपूतली-बहरोड़, नागौर और सीकर जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

