झुंझुनूं ,राष्ट्रबाण। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसे ने आठ परिवारों की खुशियां छीन लीं। कदम कुंड की ओर जाने वाले रास्ते पर सड़क बनाने का काम चल रहा था, तभी रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलते ही वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दर्दनाक घटना ने पूरे गांव में मातम पसरा दिया है।
बताया जा रहा है कि मशीन के हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही काम की जगह पल भर में मौत के मंजर में बदल गई। किसी को संभालने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते आठ जिंदगियां लील गईं। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए, जहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे तीनों मजदूरों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। एक साथ इतने मजदूरों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और आसपास के क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई है। जिन घरों से खुशियां क्षण भर में छिन गईं, वहां अब सिर्फ दुख और आंसू हैं। इस भीषण हादसे ने निर्माण कार्य स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के इतने करीब मशीन का पहुंचना बड़ी लापरवाही की ओर इशारा करता है।
प्रशासन और संबंधित विभाग ने हादसे के कारणों की गहन जांच के आदेश दिए हैं, जिसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम भजनलाल शर्मा ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, झुंझुनूं में हुए हादसे में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें।

