नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। भारत और श्रीलंका के बीच दिसंबर में होने वाली वनडे सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा बदलाव किया है। दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला वनडे मुकाबला अब दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नहीं खेला जाएगा। बीसीसीआई ने इस मैच का वेन्यू बदलकर विशाखापट्टनम कर दिया है। हालांकि, मुकाबले की तारीख और समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अब यह मैच 13 दिसंबर 2026 को विशाखापट्टनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर 2 बजे से खेला जाएगा। बीसीसीआई ने गुरुवार को जारी मीडिया एडवाइजरी में इस बदलाव की जानकारी दी। बोर्ड के मुताबिक, दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) के अनुरोध के बाद मैच का स्थान बदला गया है। इसके पीछे संभावित मौसम संबंधी बाधाओं और अरुण जेटली स्टेडियम में प्रस्तावित मरम्मत कार्य को वजह बताया गया है।
मौसम और स्टेडियम में काम के चलते बदला वेन्यू
दिसंबर के दौरान दिल्ली में मौसम की स्थिति मैच के आयोजन को प्रभावित कर सकती है। इसके अलावा अरुण जेटली स्टेडियम में मरम्मत और सुधार कार्य भी प्रस्तावित है। ऐसे में आयोजन से जुड़ी संभावित परेशानियों को देखते हुए बीसीसीआई ने मुकाबले को विशाखापट्टनम स्थानांतरित करने का फैसला लिया है। विशाखापट्टनम का एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का नियमित आयोजन स्थल रहा है। यहां भारतीय टीम के कई यादगार मैच खेले जा चुके हैं। इस मैदान पर एमएस धोनी की पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई 148 रनों की पारी भी क्रिकेट प्रशंसकों को आज तक याद है। ऐसे में अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें 13 दिसंबर को होने वाले भारत-श्रीलंका मुकाबले पर रहेंगी।
तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलेगी दोनों टीमें
श्रीलंका की टीम भारत दौरे पर कुल छह अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी। इसमें तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच शामिल हैं। वनडे सीरीज का आगाज 13 दिसंबर को विशाखापट्टनम से होगा। दूसरा वनडे 16 दिसंबर को बेंगलुरु और तीसरा मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा। तीनों वनडे मैच दोपहर 2 बजे शुरू होंगे। इसके बाद टी20 सीरीज की शुरुआत होगी। पहला मुकाबला 22 दिसंबर को राजकोट, दूसरा 24 दिसंबर को कटक और तीसरा तथा अंतिम टी20 मैच 27 दिसंबर को पुणे में खेला जाएगा। टी20 मुकाबले शाम 7 बजे से शुरू होंगे।
भारत-श्रीलंका सीरीज का नया कार्यक्रम
- पहला वनडे: 13 दिसंबर 2026 – विशाखापट्टनम (दोपहर 2 बजे)
- दूसरा वनडे: 16 दिसंबर 2026 – बेंगलुरु (दोपहर 2 बजे)
- तीसरा वनडे: 19 दिसंबर 2026 – अहमदाबाद (दोपहर 2 बजे)
- पहला टी20: 22 दिसंबर 2026 – राजकोट (शाम 7 बजे)
- दूसरा टी20: 24 दिसंबर 2026 – कटक (शाम 7 बजे)
- तीसरा टी20: 27 दिसंबर 2026 – पुणे (शाम 7 बजे)


