रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव की भव्य तैयारी, 56 घाटों पर जगमगाएंगे 30 लाख दीप; पांच देशों की रामलीला बनेगी आकर्षण

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • सरयू तट से राम जन्मभूमि तक रोशनी और सजावट का भव्य नजारा, दीप सजाने में जुटे हजारों स्वयंसेवक
  • लेजर शो, रामलीला और लोकनृत्यों से सजेगा दीपोत्सव, देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

    अयोध्या, राष्ट्रबाण। रामनगरी अयोध्या एक बार फिर दीपों के महापर्व दीपावली के भव्य उत्सव के लिए सजकर तैयार हो रही है। सरयू तट से लेकर श्रीराम जन्मभूमि परिसर तक आकर्षक सजावट की गई है। गुरुवार से पांच दिवसीय दीपोत्सव का शुभारंभ होगा। सात नवंबर को मुख्य आयोजन के दौरान राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर 30 लाख दीप जलाकर नया भव्य दृश्य तैयार करने की योजना है। इसके लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवक घाटों पर दीप सजाने के काम में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप अयोध्या को दिव्य और भव्य स्वरूप देने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शहर के प्रमुख मार्गों पर आकर्षक तोरण द्वार बनाए गए हैं। मंदिरों की आकृतियों, धार्मिक प्रतीकों और पारंपरिक कलाकृतियों से सजे स्वागत द्वार रामनगरी की सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं। वहीं, सड़कों, भवनों और प्रमुख स्थलों को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया गया है। शाम होते ही पूरा शहर रोशनी से जगमगाने लगेगा।

    लेजर शो और रामलीला से जीवंत होंगे रामायण के प्रसंग

    पांच दिवसीय दीपोत्सव के दौरान धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। रामकथा, रामलीला, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां आयोजन को खास बनाएंगी। लेजर शो और प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से रामायण के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इस बार पांच देशों की रामलीला मंडलियां भी भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का मंचन करेंगी।

    देशभर के लोक कलाकार बिखेरेंगे सांस्कृतिक छटा

    दीपोत्सव में विभिन्न राज्यों और जिलों के लोक कलाकार अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक विविधता के रंग भरेंगे। मथुरा का मयूर और बम रसिया, प्रयागराज का ढेढ़िया, बांदा का पाई डंडा, गाजीपुर का धोबिया, झांसी का राई और पीलीभीत का थारू नृत्य दर्शकों के लिए खास आकर्षण होंगे। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के बोनालु सहित देश की विभिन्न लोक परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी। रामकथा पार्क सहित प्रमुख आयोजन स्थलों पर मंच, दर्शक दीर्घा और प्रकाश व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां लगातार जारी हैं। वहीं, श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की ओर से मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले रामभक्तों को दीपावली की शुभकामनाएं भेजी जा रही हैं। इन संदेशों के माध्यम से ट्रस्ट उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त कर रहा है।

    देश-विदेश के श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार अयोध्या

    दीपोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से आयोजन स्थलों की सजावट और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दीपों की जगमगाहट, भव्य रामलीला, लेजर शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच अयोध्या एक बार फिर अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रदर्शन करने जा रही है। दीपोत्सव के जरिए रामनगरी में त्रेतायुग की दिव्य अनुभूति कराने की तैयारी है।

    error: Content is protected !!