रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने दीपावली से पहले युवाओं को रोजगार की सौगात दी है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर), उपसमूह-02 के तहत विभिन्न विभागों में कुल 1,703 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। खास बात यह है कि इन पदों के लिए पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।
1,703 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत सबसे अधिक 1,206 पद सहायक ग्रेड-3 के रखे गए हैं। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पद, शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34 और स्टेनो टाइपिस्ट के 23 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
वहीं, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13, पंजीयक लिपिक के 50, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पद भी शामिल हैं।
इस तारीख तक कर सकेंगे आवेदन
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में किसी तरह की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को 28 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक सुधार का मौका मिलेगा। सुधार की अंतिम समय सीमा भी शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।
10 जनवरी को होगी लिखित परीक्षा
भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक रहेगा। अभ्यर्थी 4 जनवरी 2027 से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा प्रदेश के पांचों संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।
स्थानीय अभ्यर्थियों को मिलेगी फीस वापसी
भर्ती प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों के लिए भी राहत दी गई है। परीक्षा में शामिल होने वाले स्थानीय अभ्यर्थियों को नियमानुसार परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। शुल्क की राशि उसी बैंक खाते में लौटाई जाएगी, जिससे ऑनलाइन भुगतान किया गया होगा।
भर्ती के पदों, पात्रता, शैक्षणिक योग्यता और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर जाकर अधिसूचना देख सकते हैं।


