25 लाख के चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • लगातार पेशियों से गैरहाजिर रहने पर महू कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट, मुंबई पुलिस को गिरफ्तारी के निर्देश
  • फिल्म फाइनेंसर प्रकाश जाजू की शिकायत पर चल रहा है मामला, 25 लाख रुपये के लेनदेन के लिए दिए गए थे पोस्ट डेटेड चेक

    इंदौर, राष्ट्रबाण। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। 25 लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में महू की अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। बताया जा रहा है कि लगातार सुनवाई के दौरान अदालत में अनुपस्थित रहने और पहले जारी जमानती वारंट के बावजूद पेश नहीं होने पर कोर्ट ने यह सख्त कदम उठाया है।

    अदालत ने मुंबई पुलिस को वारंट की तामीली करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिनेता को गिरफ्तार कर अगली सुनवाई से पहले महू कोर्ट में पेश करने को कहा गया है।

    यह मामला महू निवासी फिल्म फाइनेंसर प्रकाश जाजू की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, राजपाल यादव और प्रकाश जाजू के बीच 25 लाख रुपये का वित्तीय लेनदेन हुआ था। इस रकम की वापसी के लिए अभिनेता की ओर से प्रकाश जाजू को पोस्ट डेटेड चेक दिए गए थे। आरोप है कि ये चेक बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए, जिसके बाद मामला अदालत पहुंचा।

    मामले की सुनवाई के दौरान राजपाल यादव की लगातार गैरमौजूदगी को देखते हुए अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया है। अब मुंबई पुलिस के जरिए वारंट की तामीली और अभिनेता की अदालत में पेशी की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

    error: Content is protected !!