सिवनी के छपारा में तड़के दर्दनाक हादसा: मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, 4 बचाए गए

Rashtrabaan
Highlights
  • नींद में सोया था परिवार, चीख-पुकार से दहला इलाका
  • आग लगने के कारण अज्ञात, छपारा नगर में शोक की लहर

सिवनी, राष्ट्रबाण। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के छपारा नगर में सोमवार की सुबह एक भीषण और रोंगटे खड़े कर देने वाली त्रासदी की गवाह बनी। थाना छपारा क्षेत्र के महावीर वार्ड क्रमांक 07 स्थित जैन मंदिर के समीप सोमवार तड़के करीब 3:00 से 3:30 बजे के बीच कुंदन सोनी के रिहायशी मकान में अचानक अज्ञात कारणों से भीषण आग भड़क उठी। जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था, तब उठी आग की लपटों और धुएं के गुबार ने पूरे मकान को अपनी आगोश में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 6 सदस्यों की झुलसने और दम घुटने से मौत हो गई, जबकि 4 लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

नींद में सोया था परिवार, चीख-पुकार से दहला इलाका

स्थानीय निवासियों के अनुसार, हादसा 9 नवंबर की दरम्यानी रात 3:00 का है जब चारों तरफ सन्नाटा पसरा हुआ था। मकान से अचानक आग, धुएं की ऊंची लपटें और परिवार के सदस्यों की बचाओ-बचाओ की चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके की ओर दौड़े। देखते ही देखते आग ने इतना उग्र रूप धारण कर लिया कि मकान के भीतर जाने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। स्थानीय नागरिकों और दमकल की गाड़ियों ने मिलकर आग पर काबू पाने और अंदर फंसे लोगों को निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि जब तक लोगों को बाहर निकाला जाता, तब तक 6 जिंदगियां दम तोड़ चुकी थीं।

हादसे में जान गंवाने वाले और सुरक्षित बचाए गए सदस्य

हादसे के समय मकान में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे। जिनमे मृतक 6 सदस्य शामिल है। इनमें कुंदन लाल सोनी (आयु 75 वर्ष), राजकुमारी सोनी (आयु 65 वर्ष), ऋतु सोनी (आयु 42 वर्ष), स्मृति सोनी (आयु 40 वर्ष), सूर्या सोनी (आयु 45 वर्ष), आदित्य सोनी (आयु 16 वर्ष)।

सुरक्षित बचाए गए 4 सदस्य में अमायरा सोनी (आयु 7 वर्ष), रितेश सोनी (आयु 45 वर्ष), सौरभ सोनी (आयु 43 वर्ष), आकर्ष सोनी (आयु 14 वर्ष) को बचाया गया। सुरक्षित निकाले गए लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

आग लगने के कारण अज्ञात

आग किस वजह से लगी, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, लेकिन पुलिस मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

छपारा नगर में शोक की लहर

इस हृदयविदारक घटना की खबर फैलते ही छपारा नगर और आसपास के क्षेत्रों में गहरा शोक छा गया है। एक ही परिवार के बुजुर्ग, महिलाओं और मासूम बच्चे समेत 6 लोगों की असमय मौत ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर मौजूद है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!