काठमांडू, राष्ट्रबाण। लोक आस्था के महापर्व छठ पर अपने घर लौट रहे यात्रियों के साथ नेपाल में दर्दनाक हादसा हो गया। मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक वैन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
काठमांडू से सर्लाही जा रही थी वैन
जानकारी के अनुसार, हादसा भीमफेदी गांवपालिका-6 स्थित चिसापानी गढ़ी के पास हुआ। मधेश प्रदेश 03-001 जे 0880 नंबर की इलेक्ट्रिक वैन काठमांडू से सर्लाही की ओर जा रही थी। इसी दौरान भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़क मार्ग पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद वैन सड़क से करीब 500 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तीन वर्षीय बच्चे समेत पांच लोग घायल
हादसे में घायल लोगों में सर्लाही जिले के चक्रघट्टा गांवपालिका-4 के सुंदरपुरटोल निवासी 33 वर्षीय मुकेश यादव, पांच वर्षीय सक्षम कुमार यादव और तीन वर्षीय सुदन यादव शामिल हैं। मुकेश यादव के सिर और पीठ में चोटें आई हैं, जबकि सक्षम कुमार यादव के शरीर में अंदरूनी चोटें बताई गई हैं। दोनों की हालत सामान्य बताई गई है। वहीं, तीन वर्षीय सुदन यादव के सिर और मुंह में चोट आई है। उनकी स्थिति मध्यम बताई गई है।
प्रशासन ने शुरू किया राहत एवं बचाव अभियान
सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल के सह-प्रवक्ता शैलेन्द्र थापा ने हादसे में 10 लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वाहन अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।



