मैड्रिड, राष्ट्रबाण। स्पेन में भीषण ट्रेन हादसे के छह दिन बाद परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। 28 अक्टूबर को मैड्रिड के दक्षिण में दो हाईस्पीड ट्रेनों की टक्कर में 69 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे की जिम्मेदारी लेते हुए पुएंते ने मंगलवार को इस्तीफे का ऐलान किया और कहा कि स्पेन जैसे देश में एक साल से भी कम समय के भीतर दो इतने गंभीर रेल हादसों के बाद परिवहन मंत्री का पद पर बने रहना उचित नहीं है। उनके इस्तीफे के पीछे विपक्षी नेताओं और रेलवे कर्मचारियों की यूनियनों का बढ़ता दबाव भी अहम माना जा रहा है, जिनकी ओर से हादसे के बाद लगातार उनके इस्तीफे की मांग की जा रही थी।
28 अक्टूबर को हुए इस हादसे में एक हाईस्पीड ट्रेन पटरी पर पहले से खड़ी दूसरी ट्रेन से टकरा गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे की शुरुआत मैड्रिड-सेविले रेल मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े एक अहम संचार सिस्टम के फेल होने से हुई थी। इसके बाद मैड्रिड में बैठे कंट्रोलरों ने स्थिति की जिम्मेदारी संभाली और सरकारी रेल कंपनी रेनफे की हाईस्पीड ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी, जबकि निजी कंपनी इर्यो की एक ट्रेन पहले से ही उसी ट्रैक पर खड़ी थी। परिवहन मंत्री पुएंते ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा था कि सिग्नल लाल था और ट्रेन को आगे बढ़ने की मनाही थी, इसके बावजूद उसे आगे जाने की अनुमति दी गई। उन्होंने इस फैसले को परिस्थितियों के लिहाज से समझ से परे बताया था। मैड्रिड-सेविले रेल मार्ग पर इस साल यह दूसरा बड़ा ट्रेन हादसा था। इससे पहले जनवरी में अदामुज के पास दो हाईस्पीड ट्रेनों की टक्कर हुई थी, जिसमें 46 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे की जांच अब भी जारी है। ताजा दुर्घटना के बाद मंगलवार को परिवहन मंत्री ने रेलवे सुरक्षा बेहतर करने के लिए कई कदमों का भी ऐलान किया था। इनमें कंट्रोल सेंटरों की स्थितियों में सुधार और यूरोपीय रेल ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को तेजी से लागू करना शामिल है, जिसका उद्देश्य रेलवे सिग्नलिंग और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना है। लगातार हो रहे ट्रेन हादसों के बाद स्पेन में लोगों का गुस्सा भी बढ़ रहा है। 28 अक्टूबर की दुर्घटना वाली रात परिवहन मंत्रालय के मुख्यालय के बाहर पुलिस और सैकड़ों प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी। कुछ प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज के इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर भी लेकर पहुंचे थे। पुएंते का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब स्पेन में आम चुनाव होने में महज तीन सप्ताह बाकी हैं। प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने भ्रष्टाचार के कई मामलों, आवास की बढ़ती कीमतों को लेकर चिंताओं और स्थानीय चुनावों में अपनी सोशलिस्ट वर्कर्स पार्टी को मिले झटकों के बाद समय से पहले चुनाव कराने का फैसला किया था।


