फगवाड़ा, राष्ट्रबाण। तीसरी नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में मंगलवार को पुरुष और महिला एकल के दोनों फाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। दोनों ही वर्गों में खिताब का फैसला सातवें गेम में हुआ। पुरुष वर्ग में सातवीं वरीयता प्राप्त एसएफआर स्नेहित सुरावज्जुला ने चौथी वरीयता प्राप्त अंकुर भट्टाचार्य को 4-3 से हराकर पहली बार राष्ट्रीय रैंकिंग खिताब अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में दिव्यांशी भौमिक ने निर्णायक गेम में शानदार वापसी करते हुए तमिलनाडु की अनन्या मुरलीधरन को 4-3 से शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
स्नेहित और अंकुर के बीच कड़ा मुकाबला
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के शांति देवी मित्तल इंडोर स्टेडियम में खेले गए पुरुष एकल फाइनल में स्नेहित और अंकुर के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। शुरुआती चार गेम में दोनों खिलाड़ियों ने दो-दो गेम जीतकर मुकाबले को बराबरी पर रखा। इसके बाद स्नेहित ने पांचवां गेम 11-5 से जीतकर बढ़त बनाई, लेकिन अंकुर ने छठा गेम 11-4 से जीतते हुए मुकाबले को निर्णायक सातवें गेम तक पहुंचा दिया।
11-8 से जीतकर स्नेहित बने चैंपियन
निर्णायक गेम में अंकुर ने 5-3 की बढ़त बनाकर स्नेहित पर दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि, स्नेहित ने शानदार खेल दिखाते हुए लगातार अंक जुटाए और वापसी की। उन्होंने सातवां गेम 11-8 से जीतकर पहली बार राष्ट्रीय रैंकिंग चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। इससे पहले स्नेहित ने सेमीफाइनल में महाराष्ट्र के रेगन अल्बुकर्क को 4-2 से हराया था। वहीं अंकुर ने असम के प्रियनुज भट्टाचार्य को इसी अंतर से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई थी।
10-7 से पिछड़ने के बाद दिव्यांशी की वापसी
महिला एकल का फाइनल भी आखिरी गेम तक रोमांच से भरा रहा। शुरुआती छह गेम के बाद दिव्यांशी और अनन्या 3-3 की बराबरी पर थीं। निर्णायक गेम में अनन्या ने 10-7 की बढ़त बनाकर खिताब के करीब पहुंच गई थीं, लेकिन दिव्यांशी ने दबाव में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने लगातार अंक हासिल करते हुए गेम 14-12 से जीत लिया और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
सेमीफाइनल में भी दिखाया दमदार प्रदर्शन
दिव्यांशी ने सेमीफाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त यशस्विनी घोरपड़े को सीधे गेमों में 4-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। वहीं अनन्या ने पश्चिम बंगाल की अंकोलिका चक्रवर्ती को सीधे गेमों में शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी।
अंडर-19 में प्रियनुज और सिंड्रेला ने जीते खिताब
जूनियर वर्ग के अंडर-19 मुकाबलों में असम के प्रियनुज भट्टाचार्य ने लड़कों का एकल खिताब जीता। फाइनल में उन्होंने तमिलनाडु के पीबी अभिनंद को 4-1 से हराया। पहला गेम गंवाने के बाद प्रियनुज ने लगातार चार गेम जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया। मुकाबले का स्कोर 6-11, 12-10, 13-11, 13-11 और 11-8 रहा।
सिंड्रेला दास ने नंदिनी साहा को हराया
लड़कियों के अंडर-19 वर्ग में पश्चिम बंगाल की सिंड्रेला दास ने अपनी ही राज्य की नंदिनी साहा को 4-1 से हराकर खिताब जीता। सिंड्रेला ने शुरुआती तीन गेम जीतकर मजबूत बढ़त बना ली थी। नंदिनी ने चौथा गेम 11-9 से जीतकर वापसी की कोशिश की, लेकिन सिंड्रेला ने पांचवां गेम 11-8 से जीतकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।



