ब्लड कैंसर से जूझ रही 3 साल की काव्या ने PM मोदी से मांगी मदद, भावुक चिट्ठी में लिखा- दादाजी, मुझे जीना है

Chhattisgarh Rashtrabaan

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महज 3 साल 9 महीने की मासूम काव्या इन दिनों ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही है। रायपुर एम्स में उसका इलाज चल रहा है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज का खर्च उठाना पिता के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। काव्या के पिता भूमिहीन किसान हैं और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे मुश्किल हालात में मासूम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भावुक चिट्ठी लिखकर मदद की गुहार लगाई है।

PM मोदी को लिखा भावुक संदेश

प्रधानमंत्री को लिखी चिट्ठी में काव्या ने बेहद मासूमियत से पूछा है, ‘क्या मैं आपको दादाजी कह सकती हूं?’ उसने लिखा कि उसकी उम्र अभी सिर्फ 3 साल 9 महीने है। उसे दुनिया की बहुत सारी बातें समझ नहीं आतीं, लेकिन इतना जरूर पता है कि वह बीमार है और उसके मम्मी-पापा बहुत परेशान हैं।

काव्या ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से रायपुर एम्स में भर्ती है। इससे पहले उसका इलाज रायगढ़ के अस्पताल में चल रहा था। अस्पताल में डॉक्टर और नर्स उसकी देखभाल कर रहे हैं। उसके माता-पिता भी हर वक्त उसके साथ रहते हैं। हालांकि, उसने कई बार अपने मम्मी-पापा को रोते हुए देखा है।

चिट्ठी में उसने बताया कि एक दिन डॉक्टर और पापा को उसकी बीमारी के बारे में बात करते सुना। उनकी बातें सुनकर वह डर गई। उसे समझ नहीं आया कि उसे ब्लड कैंसर क्यों हुआ है। उसने मासूमियत से यह भी सवाल किया कि क्या ज्यादा चॉकलेट खाने या खेतों में इस्तेमाल होने वाले रासायनिक खाद और दवाइयों की वजह से उसे यह बीमारी हुई है।

डॉक्टर बनने का देख रही सपना

काव्या ने अपनी छोटी-सी दुनिया और सपनों के बारे में भी लिखा है। कुछ दिन पहले तक वह आंगनबाड़ी जाती थी, बच्चों के साथ खेलती थी और पढ़ना सीख रही थी। उसे खिलौनों से खेलना, मां की गोद में सोना और पापा के साथ घूमना बहुत पसंद है।

मासूम का सपना बड़ा होकर डॉक्टर बनने का है। वह सफेद कोट पहनकर अस्पताल में बीमार बच्चों का इलाज करना चाहती है, ताकि किसी बच्चे को बीमारी के कारण अपनी मां से दूर न रहना पड़े। लेकिन फिलहाल उसे खुद इलाज की जरूरत है।

भूमिहीन किसान हैं पिता, इलाज का खर्च बना चुनौती

काव्या ने अपनी चिट्ठी में परिवार की आर्थिक स्थिति का भी जिक्र किया है। उसने लिखा कि उसके पापा के पास अपनी जमीन नहीं है। वे मेहनत-मजदूरी करके घर चलाते हैं। उसे यह तो नहीं पता कि इलाज में कितने पैसे खर्च हो रहे हैं, लेकिन इतना जरूर समझती है कि उसके पापा उसे बचाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।

परिवार के लिए लगातार इलाज का खर्च जुटाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में काव्या ने प्रधानमंत्री से उसके पिता की मदद करने और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की है।

‘खिलौना और चॉकलेट नहीं, बस थोड़ी-सी जिंदगी चाहिए’

प्रधानमंत्री से मदद मांगते हुए काव्या ने चिट्ठी में लिखा है कि उसे कोई खिलौना या चॉकलेट नहीं चाहिए। वह सिर्फ थोड़ी-सी जिंदगी चाहती है। उसने प्रधानमंत्री से अपने इलाज में मदद करने की गुहार लगाई है।

चिट्ठी के आखिर में मासूम ने अपने छोटे-छोटे सपनों का जिक्र करते हुए लिखा कि उसे अभी स्कूल जाना है, आंगनबाड़ी में खेलना है, मम्मी-पापा के साथ घर लौटना है और बड़ी होकर डॉक्टर बनना है। उसकी पूरी चिट्ठी में एक ही इच्छा झलकती है कि वह फिर से अपनी सामान्य जिंदगी जी सके।

error: Content is protected !!