नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। बेरोजगारी, कमजोर मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर और शिक्षा व्यवस्था की खामियां भारत के सामने गंभीर चुनौतियां हैं। राहुल गांधी के मुताबिक, देश का मौजूदा आर्थिक मॉडल करीब एक दशक पहले ही नतीजे देना बंद कर चुका है।
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने उठाए आर्थिक मुद्दे
राहुल गांधी मंगलवार को न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देश में बढ़ती बेरोजगारी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की कमजोर स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत को अपने विनिर्माण क्षेत्र को दोबारा मजबूत करने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी योजनाओं की सफलता पर भी सवाल उठाए।
एमएसएमई और कृषि क्षेत्र को बताया अर्थव्यवस्था की रीढ़
राहुल गांधी ने कहा कि छोटे और मझोले उद्योग (एमएसएमई) तथा कृषि क्षेत्र भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। ये दोनों क्षेत्र बड़े पैमाने पर लोगों को रोजगार उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि केवल सर्विस सेक्टर के भरोसे देश की पूरी आबादी को रोजगार देना संभव नहीं है। राहुल ने निजी निवेश की कमी का मुद्दा उठाते हुए अडानी, अंबानी और टाटा समूह का भी जिक्र किया।
बीजेपी ने राहुल गांधी के बयान पर जताई कड़ी आपत्ति
राहुल गांधी के बयान पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने उनके आरोपों को भारत विरोधी प्रचार करार देते हुए कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। बीजेपी का आरोप है कि राहुल गांधी विदेशी धरती पर देश की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देकर किया पलटवार
बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला दिया। पार्टी ने कहा कि डिजिटल बदलाव, निवेश और सर्विस सेक्टर समेत कई क्षेत्रों में भारत लगातार प्रगति कर रहा है। बीजेपी के मुताबिक, देश की आर्थिक स्थिति को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणियां वास्तविकता से अलग हैं।
बीजेपी नेताओं ने भी राहुल पर साधा निशाना
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी पर भारत विरोधी प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के रूप में राहुल गांधी का व्यवहार जिम्मेदाराना नहीं है। वहीं, बीजेपी नेता सीआर केसवन ने भी राहुल गांधी के बयानों को मनगढ़ंत बताया। राहुल गांधी के बयान और बीजेपी की प्रतिक्रिया के बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।



