बैतूल : क्या वर्दी मिल जाने से अपराध करने का लाइसेंस मिल जाता है?

Rashtrabaan
Highlights
  • आरक्षक रवि मोहन पर आरोपों का सिलसिला बढ़ा, अब सामने आ रहे कथित प्रताड़ित फरियादी; राष्ट्रबाण के माध्यम से लगा रहे न्याय की गुहार
  • खाकी के खौफ, कथित अवैध वसूली, जंगलों में जुआ संचालन और खदानों से कबाड़ चोरी करवाने जैसे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग

    बैतूल, राष्ट्रबाण। वर्दी का सम्मान इसलिए है क्योंकि उसके पीछे कानून की ताकत और जनता की सुरक्षा का भरोसा होता है। लेकिन जब उसी वर्दी को लेकर आम नागरिकों में भय और प्रताड़ना की शिकायतें सामने आने लगें, जब फरियादी अपनी पीड़ा पुलिस के सामने रखने के बजाय मीडिया की शरण लेने को मजबूर हो जाएं, तब सवाल उठना लाजिमी है कि क्या वर्दी मिल जाने का मतलब मनमानी करने का अधिकार मिल जाना है?

    पाथाखेड़ा चौकी में पदस्थ आरक्षक रवि मोहन को लेकर उठ रहे आरोपों के बीच अब कथित रूप से प्रताड़ित फरियादी खुलकर सामने आने लगे हैं। राष्ट्रबाण अखबार से संपर्क कर कुछ शिकायतकर्ताओं ने अपनी आपबीती बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें कथित तौर पर झूठे मामलों में फंसाने का दबाव बनाया गया और लंबे समय तक भय के माहौल में रहना पड़ा।

    खुद पुलिसकर्मी पर जंगलों में जुआ संचालित करवाने के आरोप!

    सामने आए कुछ शिकायतकर्ताओं ने नाम न छापने की शर्त पर ऐसे कई राज खोले। उन्होंने आरोप लगाया है कि जिस पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी अपराधों पर अंकुश लगाने की है, उसी पर पाथाखेड़ा क्षेत्र के जंगलों में कथित रूप से जुआ संचालित करवाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इस गतिविधि की जानकारी स्थानीय स्तर पर संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं है।

    यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह केवल एक कर्मचारी की जवाबदेही का मामला नहीं, बल्कि पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर जंगलों में कथित रूप से जुआ संचालित होने की शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को जानकारी क्यों नहीं मिली? क्या इस दिशा में कभी जांच की गई?

    खदानों से कबाड़ चोरी करवाने के भी गंभीर आरोप

    जानकारों ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि आरक्षक रवि मोहन की कथित भूमिका खदान क्षेत्रों से कबाड़ चोरी करवाने में भी रही है। अगर ये आरोप सही है तो इसकी जांच होना चाहिए, पुलिस विभाग को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। साथ ही सवाल यह भी है कि खदान क्षेत्रों में होने वाली चोरी की घटनाओं की जांच कौन करता है और यदि किसी पुलिसकर्मी पर ही ऐसी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप लगें तो जांच की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी?

    रोजाना 10 से 15 हजार रुपये वसूली का दावा!

    मामले में सामने आए जानकारों ने कथित अवैध वसूली को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि अलग-अलग लोगों से रोजाना 10 से 15 हजार रुपये तक की कथित वसूली की जाती है, यह भी आरोप लगाया कि पिछले दो-तीन वर्षों में आरक्षक रवि मोहन की आर्थिक स्थिति और संपत्ति में असामान्य बढ़ोतरी हुई है।

    इन दावों की सच्चाई सामने लाने के लिए संबंधित अवधि की संपत्ति, आय के ज्ञात स्रोतों और शिकायतों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। आखिर यदि किसी कर्मचारी की आय और संपत्ति को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आती हैं तो विभागीय स्तर पर उनकी जांच क्यों नहीं होनी चाहिए?

    आखिर कानून के रखवाले की जवाबदेही कौन तय करेगा?

    यह मामला किसी व्यक्ति को बिना जांच दोषी घोषित करने का नहीं है। लेकिन जब एक के बाद एक शिकायतकर्ता सामने आकर अपनी पीड़ा बताने का दावा कर रहे हैं, तो पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी बनती है कि वे इन आरोपो को गंभीरता से लें। स्थानीय स्तर पर पहले भी आरक्षक रवि मोहन को लेकर कथित अवैध वसूली, लोगों पर दबाव बनाने और अन्य गतिविधियों के आरोप उठते रहे हैं। अब नए आरोपों के सामने आने के बाद निष्पक्ष जांच की मांग और तेज हो गई है।

    राष्ट्रबाण का उद्देश्य न्याय की आवाज प्रशासन तक पहुंचाना

    राष्ट्रबाण अखबार का उद्देश्य किसी को बिना जांच अपराधी घोषित करना नहीं, बल्कि उन लोगों की आवाज प्रशासन तक पहुंचाना है जो स्वयं को प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं और न्याय की उम्मीद में सामने आ रहे हैं। पुलिस अधीक्षक बैतूल एवं संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों से अपेक्षा है कि सामने आए सभी आरोपों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए। शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज हों, उपलब्ध साक्ष्यों की जांच हो तथा संबंधित आरक्षक का पक्ष भी सामने लाया जाए। आरोप प्रमाणित होने पर नियमानुसार कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

    खाकी जनता की सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है, किसी की निजी दबंगई का नहीं। कानून की नजर में आम नागरिक और वर्दीधारी कर्मचारी दोनों जवाबदेह हैं। आखिर सवाल फिर वही है कि क्या वर्दी पहनने के बाद कोई व्यक्ति कानून से ऊपर हो जाता है? क्या खाकी किसी कर्मचारी के लिए ढाल बन सकती है? लेकिन यह भी कड़वा सच है वर्दी कानून की पहचान है, कानून से ऊपर होने का प्रमाणपत्र नहीं।

    पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे सवाल

    • क्या जंगलों में कथित जुआ संचालन के आरोपों की जांच कराई जाएगी?
    • खदान क्षेत्रों से कबाड़ चोरी करवाने के आरोपों की वास्तविकता जानने के लिए क्या कार्रवाई होगी?
    • रोजाना 10 से 15 हजार रुपये की कथित वसूली के दावों की जांच कौन करेगा?
    • क्या शिकायतकर्ताओं के बयान स्वतंत्र रूप से दर्ज किए जाएंगे?
    • क्या संबंधित आरक्षक की आय और संपत्ति की जांच कराई जाएगी?
    • क्या जांच स्थानीय प्रभाव से मुक्त किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराई जाएगी?
    • क्या शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखकर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया जाएगा?

    Read Also : खाटूश्याम मंदिर के पास रेस्टोरेंट में भीषण आग, गैस सिलेंडरों में धमाकों से मची अफरा-तफरी

    error: Content is protected !!