लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए बताया कि देश में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव और बढ़ती महंगाई ने सर्राफा कारोबार को गंभीर संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों ने आर्थिक असमानता बढ़ाई है, जिससे छोटे और मध्यम व्यापारी पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में प्रतिदिन 10 से 15 व्यापारी पुलिस वसूली का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन में कुछ अधिकारी व्यापारियों से अनावश्यक वसूली करते हैं और फर्जी मुकदमे दर्ज कर उनके व्यवसाय को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने इसे व्यापार जगत के लिए अत्यंत गंभीर खतरा माना।
उन्होंने कहा कि स्वर्णकार समाज देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार के फैसलों ने इस वर्ग की समस्याओं को और बढ़ा दिया है। सोने की निरंतर बढ़ती कीमतें और बाजार में अस्थिरता ने व्यापारियों को पूंजी की कमी और घाटे का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही महंगाई के कारण छोटे व्यवसाय अपने संचालन के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश की अधिकांश पूंजी केवल कुछ चुनिंदा अमीर वर्ग तक सीमित हो गई है, जिससे आम लोगों की आर्थिक परिस्थिति खराब हो रही है। सरकार जानबूझकर ऐसा माहौल बना रही है ताकि छोटे और मध्यम कारोबारियों का कारोबार बाधित और खत्म हो जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि स्वर्णकार समाज प्रदेश में सबसे अधिक कर-राजस्व देने वाला समूह है, फिर भी उन्हें उचित सुरक्षा और सम्मान नहीं मिल पा रहा है। समाजवादी पार्टी इस वर्ग के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। 2027 में सपा की सरकार बनने पर स्वर्णकार बोर्ड का गठन किया जाएगा, डिजाइन विश्वविद्यालय स्थापित होगा और गोमती रिवरफ्रंट पर संत नरहरि दास महाराज की प्रतिमा लगाई जाएगी।
अखिलेश यादव ने वर्तमान सरकार पर भ्रष्टाचार और जमीन घोटालों का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या, आगरा, गोरखपुर, लखनऊ और प्रयागराज जैसे शहरों में बड़े पैमाने पर जमीन की खरीद-फरोख्त हुई है, जिसमें भाजपा के कुछ बड़े नेता शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज को बांटने की राजनीति करती है, लेकिन 2027 में जनता इसका जवाब देगी। समाजवादी सरकार बनने पर प्रदेश के सभी नागरिकों को न्याय, सुरक्षा और अमन-चैन मिलेगा तथा किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।
कार्यक्रम में मौजूद स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों ने भी सरकार पर आरोप लगाया कि एजेंसियों का दुरुपयोग कर व्यापारियों को डराया-धमकाया जा रहा है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने इस अन्याय के खिलाफ सपा द्वारा पूर्ण समर्थन का आह्वान किया।

