यूपी विधान परिषद चुनाव: भाजपा ने 4 सीटें जीतीं, वाराणसी और आगरा में सपा का परचम

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • लखनऊ और मेरठ-सहारनपुर में भाजपा की जीत, शिक्षक-स्नातक सीटों पर प्रत्याशियों ने दर्ज की सफलता
  • 1. वाराणसी और आगरा में सपा ने मारी बाजी, इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर मानसिंह यादव आगे

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के लिए मतगणना जारी है। अब तक लखनऊ, मेरठ-सहारनपुर और आगरा समेत कई सीटों के परिणाम सामने आए हैं। भाजपा ने चार सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि वाराणसी और आगरा में समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशियों ने बाजी मारी है।
    लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उमेश द्विवेदी लगातार तीसरी बार विजयी हुए। सपा के सुशील कुमार दूसरे स्थान पर रहे। वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल की।
    मेरठ-सहारनपुर खंड की शिक्षक सीट पर भाजपा के श्रीचंद शर्मा 18,099 वोट पाकर विजयी रहे। वहीं, स्नातक सीट पर भाजपा के दिनेश गोयल ने 24,928 मत हासिल कर जीत दर्ज की।
    आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के डॉ. आकाश अग्रवाल को रिटर्निंग ऑफिसर ने जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। हालांकि, प्रशासन ने मतों के अधिकृत आंकड़े जारी नहीं किए थे। जीत के बाद पुलिस उन्हें मतगणना स्थल से पिछले गेट से बाहर ले गई।
    इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के डॉ. मानसिंह यादव ने छह चक्रों की मतगणना के बाद 37,072 वोट हासिल किए। वह भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर के 21,815 मतों के मुकाबले 15,257 वोटों से आगे रहे।
    उधर, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चौथे चक्र की गिनती के बाद भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने बढ़त बना ली। निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव पीछे हो गए, जबकि सपा के संजय त्रिपाठी तीसरे स्थान पर रहे।
    आगरा में मतगणना के दौरान भाजपा और सपा समर्थकों के बीच कथित मारपीट को लेकर विवाद भी सामने आया। शेष सीटों पर मतगणना जारी थी।

    error: Content is protected !!